चुनाव पूर्व MP में दलबदल का खेल जारी, भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद गुप्ता

मध्‍य प्रदेश कांग्रेस के उपाध्‍यक्ष लालचंद गुप्‍ता ने सीएम डॉ मोहन यादव की मौजूदगी में भाजपा की सदस्‍यता ली।

Updated: Mar 20, 2024, 03:40 PM IST

भोपाल। लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में दल बदल का खेल जारी है। कांग्रेस पार्टी के अवसरवादी नेता तेजी से पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसी बीच बुधवार को कांग्रेस को एक और झटका लगा। मध्य प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष लालचंद गुप्ता भाजपा में शामिल हो गए।

कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले लालचंद गुप्ता इसके पूर्व में सीधी से भाजपा जिलाध्यक्ष थे, लेकिन पार्टी ने जिला अध्यक्ष पद से हटाते हुए डॉ राजेश मिश्रा को जिला अध्यक्ष नियुक्त कर दिया था। इसी से नाराज होकर लालचंद गुप्ता ने 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल के हाथों कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। चुनाव परिणाम आने के पूर्व ही लालचंद गुप्ता को पार्टी ने कांग्रेस पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे पद से नवाजा था।

लालचंद गुप्ता ने कांग्रेस पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 5 बर्ष के उपाध्यक्ष कार्यकाल में प्रदेश कार्यालय में परिचय देना पड़ता है। ऐसे में वे कांग्रेस पार्टी में असहजता महसूस कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी नेता स्वार्थी हो गए हैं। पद के दौरान कभी भी कांग्रेस पार्टी की द्वारा कहीं जिम्मेदारी नहीं दी गई।

गुप्ता के अलावा नागौद सतना से कांग्रेस के विधायक रहे यादवेंद्र सिंह के भी भाजपा की सदस्‍यता लेने की अटकलें चल रही हैं। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर उन्‍होंने बहुजन समाज पार्टी की सदस्‍यता ले ली थी। यादवेंद्र सिंह बसपा के टिकट पर नागौद सीट से चुनाव मैदान में उतरे, लेकिन उन्‍हें हार का सामना करना पड़ा था। अब वे भाजपा में शामिल हो सकते हैं।