मुरैना में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 4 लोगों की मौत, 7 अन्य घायल, पूरी इमारत हुई धराशायी

यह धमाका इतना जबरदस्त था कि जिस बिल्डिंग में पटाखे बनाए जा रहे थे वो पूरी गिर गई। कई लोग मलबे में दब गए, जबकि चार की मौत हो गई।

Updated: Oct 20, 2022, 08:38 AM IST

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में गुरुवार को पटाखों के गोदाम में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत और सात लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। हादसा सुबह 11:30 बजे का बताया जा रहा है। धमाका इतना जबरदस्त था कि जिस बिल्डिंग में पटाखे बनाए जा रहे थे वो पूरी गिर गई।

घटना मुरैना के बानमौर नगर में जैतपुर रोड की बताई जा रही है। यहां बानमौर निवासी व्यवसायी निर्मल जैन का गोदाम है। गोदाम में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। बाहर से पटाखों का स्टॉक लाकर रखा गया था। बिल्डिंग के अंदर पटाखों की पैकिंग हो रही थी। इसी दौरान विस्फोट हो गया। 

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बुजुर्ग महिला के साथ राहुल गांधी का दिल छू देने वाला पल, वीडियो वायरल

विस्फोट के कारण आसपास के घरों की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपनों को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव अभियान शुरू किया गया है। एक 9 साल की बच्ची को लोगों ने मलबे से निकाला गया है।

जिस बिल्डिंग में विस्फाेट हुआ है, उसके पीछे का घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। मलबे को हटाने के लिए तीन जेसीबी लगाई गई है। इस मकान में कई लोग किराए पर रहते हैं। प्रशासन की टीम इस बिल्डिंग में रहने वाले लोगों का ब्योरा जुटा रही है।