MP: BJP MLA संजय पाठक को अपनी ही सरकार में जान को खतरा, कहा- संदिग्ध लोग करते हैं पीछा

खनन कारोबारी और कटनी के विजयराघवगढ़ से भाजपा के विधायक संजय पाठक ने कहा कि कोई उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए षडयंत्र कर रहा है।

Updated: Oct 10, 2024, 12:46 PM IST

कटनी। खनन कारोबारी और कटनी के विजयराघवगढ़ से भाजपा के विधायक संजय पाठक अपनी ही पार्टी की सरकार में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। संजय पाठक ने कहा है कि उनकी जान को खतरा है। पाठक के मुताबिक कोई उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए षडयंत्र कर रहा है।

बुधवार को मीडिया से चर्चा में उन्होंने खुद की जान को खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में धमकी मिली हैं और आसपास असमाजिक तत्वों रात को घूमते मिले हैं। जिसको लेकर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी है।

पाठक ने कहा कि पिछले छह से आठ माह से वे महसूस कर रहे हैं कि उनके भोपाल और कटनी आवास की रैकी की जा रही है, कोई संदिग्ध लोग उन्हें फॉलो कर रहे हैं। यह कोई गहरी और गंभीर साजिश है।

इसके अलावा संजय पाठक के आधार कार्ड में छेड़ छाड़कर उनका पता बदल दिए जाने का मामला सामने आया है। दिल्ली के किसी सायबर फ्राड ने इस घटना को अंजाम दिया है, आधार कार्ड में उनका पता कटनी के पाठक वार्ड से बदलकर चंड़ीगढ़ के जीरकपुर, पंजाब कर दिया गया।

पाठक ने इसकी शिकायत कटनी एसपी से की है। जांच के बाद पता चला है कि यह बदलाव 23 अप्रैल 2024 को किया गया था। पाठक ने बताया कि उन्हें बैंक की ओर से बताया गया था कि उनके आधार एड्रेस में बदलाव हुआ है। इसके बाद ही उन्होंने पुलिस से संपर्क किया है।