MP: भाजपा जिला उपाध्यक्ष पर रेप का केस दर्ज, चार साल से अपनी ही भतीजी से कर रहा था दुष्कर्म
मध्य प्रदेश के विदिशा में भाजपा जिला उपाध्यक्ष के ऊपर दुष्कर्म का आरोप लगा है, जिसके बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र सोलंकी खड़ेर पर रेप का आरोप लगा है। 23 वर्षीय पीड़िता रिश्ते में सोलंकी की भतीजी लगती है। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता अपनी ही भतीजी के साथ चार साल से रेप कर रहा था। पीड़िता की शिकायत पर नटेरन पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़िता का कहना है कि सोलंकी करीब 4 साल से लगातार उसके साथ रेप कर रहा है। उसने धमकी दी थी कि इस बारे में किसी को भी बताया तो वह युवती के माता-पिता और भाइयों का मर्डर कर देगा। हिम्मत करके उसने 5 दिसंबर को नटेरन थाने में केस दर्ज कराया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा कि योगेंद्र सोलंकी बासौदा में रहते हैं। खेती-बाड़ी के सिलसिले में गांव आना-जाना होता रहता है। करीब 4 साल पहले एक दिन वे हमारे घर आए। उस समय मम्मी-पापा और भाई काम से गांव से बाहर गए थे। मैं घर पर अकेली थी। उन्होंने डरा-धमकाकर मेरे साथ गलत काम किया। कहा कि किसी को बताया तो तेरे मां-बाप और भाइयों का मर्डर करा दूंगा।
पीड़िता के मुताबिक इसके बाद योगेंद्र जब भी गांव आते तो डरा-धमकाकर रेप करते। एक बार मैं बासौदा गई थी। पता लगते ही योगेंद्र मुझे जबरदस्ती अपने साथ ले गए। वहां भी रेप किया। इसके बाद तंग आकर उसने अपने परिजनों को घटना की पूरी जानकारी दी।
यह भी पढे़ं: MP: चपरासी ने सरकारी खजाने से उड़ाए 10 करोड़ रुपए, बैंक मैनेजर के साथ मिलकर किया खेल
मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस की टीमें फरार सोलंकी के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं, सोलंकी ने पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश जादौन को सोमवार सुबह अपना इस्तीफा भेजा है। विदिशा कांग्रेस नेताओं ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।नटेरन थाना प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि मामला जांच में लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने कहा, 'भाजपा चाल-चरित्र और चेहरे की बात करती है लेकिन उसके नेता रिश्तों को ही तार-तार कर रहे हैं। वे अपने ही घर की महिलाओं को नहीं छोड़ रहे तो दूसरी महिलाओं को कैसे संरक्षण देंगे? आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। साथ ही उसके घर पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए। नहीं तो पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी और विरोध प्रदर्शन करेगी।'