सिवनी से महादेव यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को पिकअप ने रौंदा, हादसे में एक की मौत सात घायल 

सिवनी से महादेव यात्रा पर पिकअप यात्रियों को लेकर जा रहा था, दमुआ के नाथढाना में पिकअप ने अपना नियत्रंण खो दिया और पैदल जा रहे आठ यात्रियों को रौंद दिया।

Updated: Feb 16, 2023, 12:24 PM IST

छिंदवाड़ा। गुरुवार दोपहर सिवनी से महादेव की यात्रा पर जा रही पिकअप यानी मिनी ट्रक भीषण हादसे का शिकार हो गयी। इस हादसे में एक की मौत और सात लोगों के घायल होने की ख़बर है। घटना दोपहर 12 बजे के करीब बताई जा रही है।

महादेव दर्शन के बाद एक मिनी ट्रक यानी पिकअप श्रद्धालुओं को लेकर सिवनी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दमुआ के नाथढाना इलाके के पास पिकअप ने अपना नियत्रंण ख़ो दिया और पैदल जा रहे यात्रियों को रौंद दिया। जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पैदल यात्री सिवनी से महादेव दर्शन के लिए निकले थे। पुलिस ने बताया है कि हादसे में घायल लोग बैतूल के चिचौली, आलमगढ़ के निवासी हैं। जो एक जत्थे में महादेव यात्रा पर पैदल निकले थे।

दरअसल, महाशिवरात्री के उपलक्ष्य में हर साल मठ मंदिर समिति, राम मंदिर मठ व महाकाल समिति इस यात्रा का आयोजन करती है। जिसमें भगवान शिव और पार्वती का प्रतिकात्मक विवाह कराया जाता है। इस बार भी 18 फरवरी महाशिवरात्री के दिन इस यात्रा का आयोजन किया जाएगा। 

बता दें कि यह प्रथा कई सालों से चली आ रही है। जिसे हर साल बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इसके साथ ही, यहां पर महिलाओं के लिए सुहागलों का आयोजन किया जाता है। जिसमें जिले भर की महिलाएं शामिल होती है।