लोकतंत्र की चोरी में SC और ECI भी शामिल, मीनाक्षी नटराजन मामले पर बोले दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट को मालूम था कि हमारी प्रीटीशन 4 बजे के बाद व्यर्थ हो जाएगी तो सुना क्यो नहीं आज कल की डेट क्यो लगाई? सब मिली जुली चोरी है।

Updated: Jun 11, 2026, 07:35 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद उठा सियासी तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश में भाजपा ने तीनों राज्यसभा सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल कर ली है। इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक को निशाने पर लिया है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हमको मालूम था चोरी हुई है और इस चोरी में सभी शामिल हैं। ना केवल राज्य और केंद्र बल्कि चुनाव आयोग और मुझे कहना पड रहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट भी इसमें शामिल है। जब सुप्रीम कोर्ट को मालूम था हमारी याचिका 4 बजे के बाद व्यर्थ हो जाएगी, तो आज सुना क्यो नहीं सुनवाई की? कल की डेट क्यो लगाई? सब मिली जुली चोरी है।

सिंह ने एक अन्य बयान में कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र अवैधानिक रूप से निरस्त कर दिया गया। माननीय निर्वाचन आयोग के सामने पूरा पक्ष रखा गया। जब उनके खिलाफ कोई प्रकरण दर्ज नहीं है, FIR में नाम भी नहीं है। मीनाक्षी नटराजन जैसी शख्सियत जिनमें गांधीवादी विचारधारा और संस्कार है। उनका नामांकन यह कहते हुए निरस्त किया गया कि आपके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज है, जिसे आपने छुपाया। ये घोर आपत्तिजनक है। ऐसे रिटर्निंग अफसर को बर्खास्त करने की जरूरत है। 

 

 

सिंह ने आगे कहा कि हमें जो आशंका थी वही हुआ। निर्वाचन आयोग ने कोई फैसला नहीं लिया। सुप्रीम कोर्ट से मांग की गई कि आज फैसला दें, लेकिन नहीं हुआ। चार बजे निर्वाचन की घोषणा भी हो गई। हम इस चोरी का घोर विरोध करते हैं और इसे पूरे देश में उजागर करेंगे। हम ये लड़ाई आखिरी दम तक लड़ेंगे और मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा भेजकर रहेंगे।