मंत्रीजी का जन्मदिन मनाने पहुंचे एसपी-कलेक्टर, कांग्रेस ने प्रशासन की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
मंत्री नारायण सिंह पंवार का जन्मदिन मना घिरे राजगढ़ के एसपी और कलेक्टर, कांग्रेस बोली- जनसेवा की बजाए नेताओं की गुलामी कर रहे अफसर

ब्यावरा। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री नारायण सिंह पंवार का जन्मदिन राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित उनके कार्यालय पर धूमधाम से मनाया गया। लेकिन इस आयोजन में जिले के एसपी और कलेक्टर भी शामिल हुए। इसे लेकर अब विपक्षी दल कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं और अफसरों पर जनसेवा की बजाए नेताओं की गुलामी करने के आरोप लगाए हैं।
मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास मंत्री नारायण सिंह पंवार का मंगलवार को जन्मदिन था। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ब्यावरा में केक कटिंग का कार्यक्रम रखा था। हैरानी की बात ये है कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही जिले के एसपी अमित तोलानी और कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा भी मंत्री जी का केक कटवाने पहुंच गए। इसका वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने अफसरों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने कहा कि कलेक्टर एसपी के केक काटने के यह दृश्य देखकर अंग्रेजों का जमाना याद आता है की किस तरह से गुलामी की जाती है। कलेक्टर एसपी जनता की सेवा करने की वजाए मंत्री की सेवा कर रहे हैं। कलेक्टर-एसपी नेताओं की गुलामी करने में व्यस्त हैं। ज्ञात हो कि सरकारी सेवा आचरण नियम स्पष्ट करते हैं कि अधिकारी किसी भी राजनीतिक दल या नेता के निजी कार्यक्रम में भाग नहीं ले सकते, जब तक वह सरकारी दायित्व न हो।
मंत्री नारायण सिंह पंवार राजगढ़ जिले की ब्यावरा विधानसभा सीट से विधायक हैं। 15 जुलाई को उनका जन्मदिन था। ऐसे में ब्यावरा और अलग-अलग स्थानों पर समर्थकों ने उनका जन्मदिन मनाया था। इसी दौरान एक कार्यक्रम में जिले के कलेक्टर और एसपी भी शामिल हुए थे। नारायण सिंह पंवार मोहन सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वह 2013 में पहली बार बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीते थे, जबकि 2023 में दूसरी बार विधायक बनने के बाद उन्हें मोहन सरकार में मंत्री बनाया गया।