खरगोन में चलते-चलते अचानक पुलिया से नीचे गिरी बस, घटना का लाइव वीडियो आया सामने
यात्री बस खरगोन से सनावद जा रही थी, उसी दौरान रोडिया के पास बने पुलिया पर संतुलन खोकर नीचे गिर गई। इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन में एक यात्री बस टायर फटने के बाद बेकाबू होकर पुलिया से नदी में जा गिरी। हादसा खरगोन-सनावद मार्ग पर गुरुवार शाम 5 बजे के करीब हुआ। इसमें ड्राइवर समेत दर्जनभर यात्री घायल हो गए। इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है एक बाद चलते चलते अचानक बाएं मुड़कर नीचे नदी में जा गिरती है। बताया जा रहा है कि बस खरगोन से सनावद की ओर जा रही थी। इसमें करीब 22 यात्री सवार थे। रोडिया गांव में पुलिया से पहले बस का अचानक टायर फट गया और बस लहराकर नदी में जा गिरी। इस दौरान यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। वहां पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला।
चलते चलते बस नदी में गिर जाये और कैमरा में क़ैद हो जाये, ये हादसा खरगोन जिले में हुआ, २५ यात्री घायल, पीछे की बस के कैमरे में क़ैद हुई घटना pic.twitter.com/3SsJQaeTIA
— Brajesh Rajput (@brajeshabpnews) September 29, 2023
बस दुर्घटना का यह वीडियो पीछे चल रही एक बस के कैमरे में सारी घटना रिकॉर्ड हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हादसे में बस चालक सुनील की हालत गंभीर है। उसे जिला अस्पताल रेफर किया है।बस में सवार खरगोन निवासी सीमा बाई ने कहा कि हादसे के दौरान हमें कुछ समझने का मौका नहीं मिला। नदी में पानी का बहाव कम था। इससे बड़ा हादसा टल गया।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह चौहान ने बताया कि बस चालक सुनील की हालत गंभीर होने पर ICU में भर्ती किया है। उसके सिर और पैर में चोट लगी है। हादसे में बस का क्लीनर जितेंद्र पिता डेबा, सीमा बाई पति मनोज और ग्यारसीबाई पति रमेश का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। इन्हें भी हल्की चोटें आई है। बाकि घायलों को कम चोट आने पर गोगावां अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।