दतिया में सिंध नदी के पुल से गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चार श्रद्धालुओं की मौत, 18 गंभीर रूप से घायल

मध्य प्रदेश के दतिया जिले में सोमवार रात को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के सिंध नदी में गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल हैं।

Updated: Nov 08, 2022, 04:19 AM IST

दतिया। मध्‍य प्रदेश के दतिया जिले के सेवड़ा से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई है। यहां सोमवार रात श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सिंध नदी पर बने छोटे पुल से नदी में जा गिरी। हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे का शिकार हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार श्रद्धालु भिंड जिले के दबोह थाना इलाके के जाखोली बिंडवा गांव के रहने वाले हैं जो रतनगढ़ माता के दर्शन करने गए थे। दरअसल, रतनगढ़ में सोमवार को मेला लगता है। श्रद्धालु यहां माता मंदिर पर जवारे चढ़ाने आए थे। सभी श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर शाम करीब 7.30 बजे वापस दबोह लौट रहे थे।

यह भी पढ़ें: माखनलाल पत्रकारिता विवि में ABVP की गुंडागर्दी, छात्राओं के साथ सरेआम हुई छेड़छाड़ और मारपीट

इसी दौरान सेवढ़ा सनकुआं सिंध नदी के पुराने छोटे पुल से गुजरते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया पुल में गड्‌ढे में फंस गया, जिससे वो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरा। गनीमत यह रही कि जिस जगह ट्रैक्टर-ट्रॉली गिरी वह नदी के किनारे का स्थान था और वहां पानी नहीं था। दतिया तहसीलदार ने बताया कि बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में बच्चे और महिलाओं सहित कुल 28 लोग सवार थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'दतिया में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुई दुर्घटना में अनमोल जिंदगियों के असमय निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करे। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोकाकुल परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति।'