ग्वालियर महाराज के हाथ में झाड़ू, मंत्रालय बुहारने में लगायी ताक़त तो विपक्ष ने ली चुटकी

ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडिये सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वे झाडू लगाते हुए नज़र आ रहे हैं, दावा है कि सार्वजनिक तौर पहली बार है जब सिंधिया को झाडू लगाते देखा गया है

Updated: Oct 26, 2021, 05:36 PM IST

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार को झाड़ू लगाते हुए दिखे। भाजपा नेता द्वारा अपने मंत्रालय में झाड़ू लगाए जाने पर कांग्रेस ने चुटकी ली है। कांग्रेस ने सिंधिया के इस कारनामे को नौटंकी और फोटोबाज़ी करार दिया है।  

कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि महाराज सीधे शिखर से ज़मीन पर आ गए हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय में अब यही करना बचा रह गया है। सलूजा ने कहा कि अगर भाजपा नेता गंदगी वाली जगह पर सफाई करते दिखाई देते तो अच्छा संदेश जाता। लेकिन साफ सड़क पर सफाई की यह नौटंकी और फोटोबाज़ी ठीक नहीं है।  

दरअसल ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे साफ सुथरी जगह पर झाड़ू लगाते दिखाई दे रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय मंत्री अपने मंत्रालय के बाहर झाड़ू लगा रहे हैं। जिसे कांग्रेस महज़ एक दिखावा करार दे रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी लोग सिंधिया की चुटकी ले रहे हैं। सोशल मीडिया यूज़र्स कह रहे हैं कि भाजपा खुद सिंधिया का झाड़ू की तरह ही उपयोग कर रही है। 

कांग्रेस के वार से इतर भी यह पहला ऐसा मौका है जब भाजपा नेता बने सिंधिया को किसी सार्वजनिक स्थल पर झाड़ू लगाते हुए देखा गया है। इससे ठीक दो दिन पहले सिंधिया अपने नृत्य की वजह से सुर्खियों में आए थे। बुरहानपुर में केंद्रीय मंत्री के नृत्य का वीडियो भी सामने आया था।