हम दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे हैं, बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा की फिसली जुबान

बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा एक पत्रकार वार्ता के दौरान बोल पड़े की हम एमपी में संवेदनशील और मेहनती मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे हैं।

Updated: Mar 10, 2023, 09:40 AM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को मेहनती और संवेदनशील मुख्यमंत्री बता रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद अब दिग्विजय सिंह की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने वीडी शर्मा को धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं आपके ख्यालों में सदैव बना रहूं।

दरअसल, बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा बीते दिनों एक दिवसीय दौरे पर जबलपुर गए थे। यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उनकी जुबान लड़खड़ा गई। वे बोल पड़े, 'हम मध्य प्रदेश में संवेदनशील और मेहनती मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे हैं।' भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के इतना बोलते ही नजदीक बैठे भाजपा के पदाधिकारी भी हंसने लगे। हालांकि, शर्मा ने अपनी गलती को तुरंत सुधारा और कहा कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे हैं। आप चिंता मत कीजिए।

यह भी पढ़ें: सतना पहुँचते ही दिग्विजय सिंह ने उठाया रोपवे किराया बढ़ोत्तरी का मुद्दा, मैहर देवी के श्रद्धालुओं को हो रही है परेशानी

शर्मा का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स तरह तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। स्वयं दिग्विजय सिंह ने भी इसपर चुटकी लेते हुए लिखा कि, "धन्यवाद पंडित जी (वीडी शर्मा) मैं आपके ख़यालों में सदैव बना रहूँ।" वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अजीत सिंह भदौरिया ने कहा, 'वीडी शर्मा जी बहुत धन्यवाद आपका जो सच्चाई जुबां पर आई। दिग्विजय सिंह जब मुख्यमंत्री थे तब हकीकत में वे 24 घंटे जनसेवा करते थे।'

बता दें कि चुनावी साल में कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर दिग्विजय सिंह को मैदान में उतार दिया है। सिंह सक्रियता के साथ लगातार प्रदेशभर के दौरे कर रहे हैं। ऐसे में अधिकांश भाजपा नेताओं के जुबान पर सिंह का ही नाम है। सिंह शुक्रवार से तीन दिवसीय विंध्य क्षेत्र के दौरे पर हैं। यहां वे विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन मीटिंग्स करेंगे।सिंह का यह विंध्य दौरा आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से कांग्रेस के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: विंध्य फतह के लिए कांग्रेस की व्यूहरचना तैयार, शुक्रवार से तीन दिवसीय विंध्याचल दौरे पर रहेंगे दिग्विजय सिंह

दरअसल, समाजवादी विचारधारा से प्रभावित रहा यह अंचल लंबे अरसे तक कांग्रेस के पास रहा। यहां अर्जुन सिंह और श्रीनिवास तिवारी जैसे कांग्रेस के दिग्गज नेता हुए। लेकिन 2003 के बाद से विंध्य क्षेत्र में बीजेपी का दबदबा है। यहां तक कि 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद भी पार्टी यहां ज्यादा सीटें नहीं जीत सकी थी। अब विंध्य फतह के लिए कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह को मैदान में उतारा है। इसलिए माना जा रहा है नतीजों में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।