14 राज्य, 85 जिले और 6200KM का सफर, 14 जनवरी से भारत न्याय यात्रा पर निकलेंगे राहुल गांधी

भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब कांग्रेस भारत न्याय यात्रा निकालने जा रही है। इस यात्रा का रूट पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर से शुरू होकर महाराष्ट्र की राजधानी मुुंबई तक होगा। इस यात्रा में कांग्रेस 6200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

Updated: Dec 27, 2023, 12:02 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा ऐलान किया है। कांग्रेस राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब एक और यात्रा निकालने जा रही है। इस यात्रा का नाम भारत न्याय यात्रा रखा गया है, जो आगामी 14 जनवरी से शुरू होगी। मणिपुर से मुंबई तक होने वाली इस यात्रा में कांग्रेस 14 राज्यों के 85 जिलों से होकर कुल 6,200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने बुधवार को AICC मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस पार्टी अब भारत न्याय यात्रा निकालने जा रही है। यह मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात होते हुए महाराष्ट्र में समाप्त होगी।

यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। यात्रा 14 राज्य और 85 जिलों को कवर करेगी। यात्रा बस से होगी और जगह-जगह पर कुछ दूर कांग्रेस नेता पैदल भी चलेंगे। भारत न्याय यात्रा के तहत राहुल गांधी बस और पैदल 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा करेंगे।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि भारत न्याय यात्रा का मकसद आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय है। इससे पहले राहुल गांधी कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक करीब चारा हजार किलोमीटर का पदयात्रा कर चुके हैं। भारत जोड़ो यात्रा का मकसद नफरत को खत्म कर समाज में मोहब्बत और भाईचारा कायम करना था।

लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस पूरी ताकत से उतरने जा रही है। चुनाव अभियान की शुरुआत कांग्रेस 28 दिसंबर को पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर नागपुर में महारैली से करेगी। इस रैली का नाम है- हैं तैयार हम। इस महारैली से 2024 लोकसभा चुनाव का शंखनाद होगा।

कांग्रेस पार्टी के भीतर काफी समय से भारत जोड़ो यात्रा पार्ट टू शुरू करने की मांग हो रही थी। हाल ही में हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में दिए गए अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि पिछले कई महीनों से पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता एक स्वर में लगातार एक मांग मेरे सामने रखते रहे हैं कि राहुल गांधी जी पूर्व से पश्चिम की ओर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकालें। मैं कार्यसमिति में राहुल जी के समक्ष यह बात रखता हूं और निर्णय आप सभी पर छोड़ता हूं। इसके बाद अब आज पार्टी ने भारत न्याय यात्रा का ऐलान किया है।