भारत जोड़ो यात्रा में शामिल 4 स्थानीय कार्यकर्ताओं को लगा करंट, घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल 4 कार्यकर्ता करंट का शिकार हो गए हैं। चारों को प्राथमिक इलाज के बाद पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Updated: Oct 16, 2022, 10:35 AM IST

नई दिल्ली। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक के बेल्लारी में हादसे का शिकार हो गई है। कांग्रेस की इस यात्रा में शामिल 4 स्थानीय कार्यकर्ता करंट का शिकार हो गए। जहां सभी को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत है कि सभी लोग खतरे से बाहर हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी घायलों से मिलने अस्पताल भी पहुंचे और उनका हाल जाना।

जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह कर्नाटक के बेल्लारी से यात्रा की शुरुआत हुई। यहां से यात्रा मौका नामक स्थान पर पहुंची। यात्रा में शामिल कुछ कार्यकर्ता पार्टी का झंडा और लोहे की छड़ पकड़े हुए थे। इनमें से ही 4 लोग करंट की चपेट में आ गए। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि मौके पर मौजूद एंबुलेंस के डॉक्टर्स ने शुरुआती इलाज किया और घायलों को अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि आज पोल से झंडा बांधते समय कुछ साथियों को बिजली का झटका लग गया। उन्हें सिविल अस्पताल, न्यू मोका, बेल्लारी में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैं सभी लोगों से कहना चाहता हूं कि जब हम भारत को एकजुट करने के मिशन में आगे बढ़ रहे हैं, तो कर्तव्यों को पूरा करने में अत्यधिक सावधानी बरतें।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के एक हजार किलोमीटर पूरे होने शनिवार को राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेल्लारी में एक विशाल रैली को संबोधित किया। इस रैली में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस देश को बांट रही हैं। देश में युवाओं की बेबसी दिख रही है, उन्हें झांसा दिया जा रहा है।

इस दौरान राहुल ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा देश को कमजोर कर रही है। साथ ही उन्होंने कर्नाटक सरकार को 40 फीसदी कमीशन वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा कि यहां 40 फीसदी कमीशन देकर आप कोई भी काम करा सकते हैं। राहुल ने कहा कि यहां पर घूस देकर सरकारी नौकरी खरीदी जा सकती है। भारत जोड़ो यात्रा 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंची थी और 21 अक्टूबर 2022 तक इस राज्य में ही चलती रहेगी। कर्नाटक के बाद पार्टी की यात्रा महाराष्ट्र से होकर गुजरेगी।