AAP के सर्वे में सिद्धू को सीएम बनाये जाने की मांग, अरविंद केजरीवाल ने खुद किया खुलासा

भगवंत मान को आम आदमी पार्टी के सर्वे में सबसे अधिक वोट मिले, लेकिन आश्चर्यजनक बात यह रही कि आप के सर्वे में लोगों ने नवजोत सिंह सिद्धू को भी सीएम बनाने की मांग की थी, दावे के मुताबिक सिद्धू का नाम सूची में दूसरे नंबर पर था

Updated: Jan 18, 2022, 09:32 AM IST

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को पंजाब विधानसभा चुनावों में अपना सीएम का चेहरा बनाया है। सीएम के चेहरे तौर पर भगवंत मान के एलान से पहले आम आदमी पार्टी ने सर्वे किया था, जिसमें सबसे अधिक वोट भगवंत मान को मिले। लेकिन खुद आम आदमी पार्टी के सर्वे में सीएम बनाये जाने की मांग में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का नाम दूसरे नंबर पर था। 

इस बात का खुलासा खुद अरविंद केजरीवाल ने किया। अरविंद केजरीवाल के दावे के मुताबिक 21 लाख से ज़्यादा लोगों ने अपनी राय आम आदमी पार्टी को भेजी थी। जिसमें 93 फीसदी लोगों ने भगवंत मान को सीएम बनाये जाने की मांग रखी। लेकिन भगवंत मान के बाद तीन फीसदी से अधिक लोगों की पसंद नवजोत सिंह सिद्धू निकले। आम आदमी पार्टी के सर्वे में नवजोत सिंह सिद्धू के पक्ष में 3.6 फीसदी वोट पड़े। 

यह भी पढ़ें ः कमल पटेल ने पीएम मोदी को बताया भगवान का अवतार, सीएम शिवराज को बता चुके हैं टंट्या भील का अवतार

पंजाब में 20 फरवरी को 117 सीटों पर मतदान होने हैं। पहले यह मतदान 14 फरवरी को होने थे। लेकिन रविदास जयंती के चलते चुनाव आयोग ने मतदान की तारीख 6 दिन आगे बढ़ा दी। चुनावों से पहले तमाम राजनीतिक दल अपनी कमर कस चुके हैं। राज्य की सत्ताधारी दल कांग्रेस पार्टी पहले ही मैदान में उतर चुकी है। कांग्रेस ने अब तक अपने 86 उम्मीदवारों का एलान भी कर दिया है। 

यह भी पढ़ें ः भगवंत मान होंगे पंजाब में आम आदमी पार्टी के सीएम का चेहरा

सीएम चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। जबकि खुद पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अमृत्सर पूर्व से चुनावी मैदान में उतरने जा रहे हैं। वहीं पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा डेरा बाबा नानक से कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अलावा तीन अन्य बड़े दल भी चुनावी मैदान में हैं। शिरोमणी अकाली दल, बीजेपी और कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस भी चुनावी मैदान में है। बीजेपी और पंजाब लोक कांग्रेस के बीच पहले ही गठबंधन हो चुका है।