बर्ड फ्लू से देश में हुई इस साल की पहली मौत, एम्स में 11 वर्षीय बच्चे ने तोड़ा दम

बर्ड फ्लू से मौत होने पर राजधानी दिल्ली एम्स में हड़कंप, आइसोलेट किए गए सभी स्टाफ, 2 जुलाई को अस्पताल में भर्ती हुआ था मृतक

Updated: Jul 20, 2021, 10:39 PM IST

Photo Courtesy: The Indian Express
Photo Courtesy: The Indian Express

नई दिल्ली। कोरोना संकट के बीच देश में बर्ड फ्लू का केस सामने आया है। हरियाणा के रहनेवाले एक 11 वर्षीय बच्चे की राजधानी दिल्ली स्थित एम्स में बर्ड फ्लू के चपेट में आने से मौत हुई है। बर्ड फ्लू से देश में हुई इस साल की यह पहली मौत है। बर्ड फ्लू से बच्चे की मौत होने की खबर आने के बाद एम्स में हड़कंप मच गया है। सुरक्षा की दृष्टि से सभी स्टाफ को आइसोलेट कर दिया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतक सुशील को न्यूमोनिया और ल्यूकेमिया की शिकायत के बाद 2 जुलाई को एम्स में भर्ती कराया गया था। सैंपल की जांच में  कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आया लेकिन इन्फ्लूएंजा के टेस्ट में वह पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी NIV ने उसके शरीर में H5N1 की पुष्टि की। 

यह भी पढ़ें: क्रोनोलॉजी समझिए: ‛ऑपरेशन कमल का हथियार बना था पेगासस, जासूसी कर कर्नाटक में गिराई गई थी कांग्रेस सरकार’

सुशील के संपर्क में आए अस्पताल के सभी नर्सिंग स्टाफ को बर्ड फ्लू के लक्षणों और रिपोर्ट की पहचान के लिए आइसोलेशन में रहने को कहा है। इसके अलावा सुशील के गांव में H5N1 के अन्य मामलों की जांच करने और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल की एक टीम को हरियाणा भेजा गया है।

बता दें कि देश में पिछले साल के अंत मे देश में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए थे। राजधानी दिल्ली के अलावा केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और हरियाणा में बर्ड फ्लू के कई केस मिले थे। इस खतरनाक फ्लू से बचने के लिए उस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में बड़ी संख्या में पंछियों की जान लेनी पड़ी थी।