भारतीय लोकतंत्र को हाइजैक कर रही BJP, चुनाव जीतने के लिए इजरायल की मदद लेते हैं PM मोदी: कांग्रेस

दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस से बात करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि पीएम मोदी लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, वह चुनाव जीतने के लिए इजराइल की एजेंसियों की मदद से देश में चुनावों को प्रभावित कर रहे हैं।

Updated: Feb 16, 2023, 11:13 AM IST

नई दिल्ली। इजरायली कंपनी द्वारा भारत के चुनावों में हेरफेर की खबर सामने आने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस केंद्र सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस ने कहा है कि भारत के लोकतंत्र को भारत की ही सत्ताधारी पार्टी द्वारा हाइजैक किया जा रहा है। देश के लोकतंत्र को प्रभावित करने के लिए इजरायल की एजेंसी की मदद ली जा रही है। ये हिंदुस्तान में बैठकर दूसरे देशों के साथ मिलकर भारत के लोकतंत्र के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस से बात करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि पीएम मोदी लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, वह चुनाव जीतने के लिए इजराइल की एजेंसियों की मदद से देश में चुनावों को प्रभावित कर रहे हैं। विडंबना इस बात की है कि बीबीसी ने फिल्म बना दी तो उसे विदेशी लोगों का हस्तक्षेप करार दिया जाता है। लेकिन देश में चुनावों को प्रभावित करने के लिए इजरायली कंपनी बुला लिया तो कोई शर्म नहीं। तब विदेशी हस्तक्षेप नहीं हुआ। क्योंकि ये बीजेपी कर रही है। 

पवन खेड़ा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पेगासस के वक्त भी केंद्र सरकार इजरायल की सहायता लेकर अपने देश के महत्वपूर्ण व्यक्तियों के फोन टैप करा रही थी। यह हम खतरनाक दौर से गुजर रहे हैं। इसमें देश वाकई खतरे में आ गया है। देश का लोकतंत्र खतरे में आ गया है। पीएम मोदी हिंदुस्तान में बैठकर दूसरे देशों के साथ मिलकर भारत के लोकतंत्र के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "PM मोदी के 60 फीसदी से ज्यादा ट्विटर फॉलोअर्स फर्जी हैं। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि करीब 18,000 ट्विटर अकाउंट BJP के लिए 'Fake News' फैलाते हैं। ये कौन कर रहा बीजेपी की फेक न्यूज सरगना या इजरायली कंपनी।
इंस्टाग्राम पर भारतीय इन्फ्लुएंसर्स के लगभग 16 मिलियन खाते नकली हैं। हम चाहते हैं कि पीएम मोदी चुप्पी तोड़ें।"

यह भी पढ़ें: भारत के चुनावों में हेरफेर कर रही इजरायली कंपनी, इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

श्रीनेत ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि, "पेगासस पर भी आपने चुप्पी बनाए रखा। आपके ऊपर आक्षेप लगा की जिन 30 देशों में लोकतंत्र के साथ कंपनी खुलावड़ कर रही है उसमें भारत भी है। ये भारत के इलेक्ट्रोरल प्रोसेस पर डायरेक्ट असर डाल रहा है। इसकी जांच होना चाहिए।"