लोकसभा चुनाव से पहले एचडी देवेगौड़ा की जेडीएस के साथ गठबंधन करेगी BJP: बीएस येदियुरप्पा

कर्नाटक के पूर्व मुख्‍यमंत्री और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह भाजपा के साथ चुनावी समझौते के तहत जेडी(एस) को 4 लोकसभा सीटें देने पर सहमत हुए हैं।

Updated: Sep 08, 2023, 06:53 PM IST

नई दिल्ली। INDIA गठबंधन की गठन के बाद से भाजपा खेमे में खलबली मची हुई है। भाजपा नेतृत्व ने छोटी-छोटी पार्टियों को भी साथ लाने में एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। इसी क्रम में अब खबर आई है कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा एचडी देवेगौड़ा की पार्टी जेडीएस के साथ गठबंधन करेगी।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बताया कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी जेडीएस के साथ कर्नाटक में लड़ेगी। येदियुरप्पा के मुताबिक भाजपा जेडीएस को कर्नाटक के चार लोकसभा सीट देने को राजी हो गई है। मीडिया से बात करते हुए येदियुरप्पा ने कहा, 'मुझे खुशी है कि देवेगौड़ा जी ने हमारे प्रधान मंत्री से मुलाकात की और उन्होंने पहले ही लगभग 4 सीटें फाइनल कर ली हैं। मैं उनका स्वागत करता हूं।'

इसपर कांग्रेस पार्टी के नेता जगदीश शेट्टर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘दो असहाय लोग गठबंधन बनाते हैं। लोकसभा चुनाव में गठबंधन बनाना जेडीएस और भाजपा पर निर्भर है। उन्होंने पहले भी विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन किया था और फिर टूट गया। अब वे फिर से गठबंधन की बात कर रहे हैं। सुविधाजनक होने पर गठबंधन करना, असुविधा होने पर गठबंधन से हट जाना कितनी बार वे ऐसा करेंगे और लोगों का विश्वास खो देंगे।'

बीजेपी के साथ गठबंधन पर पूछे जाने पर देवगौड़ा बोले कि ऐसी कौन-सी पार्टी है, जो बीजेपी के साथ नहीं गई? दरअसल, बीजेपी कर्नाटक हाथ से निकलने के बाद अब सभी दक्षिण भारतीय राज्यों में गठबंधन करना चाहती है। विधानसभा चुनाव में खिसकती जमीन के बाद अब जेडीएस के लिए अपने अस्तित्व को बचाने की लड़ाई। बीजेपी के हाथ से भी सत्ता निकलने के बाद लोकसभा चुनाव में पिछली बार की सीटों को बचाए रखने की चुनौती है। ऐसे में अब दोनों पार्टियों के साथ आने के कयास लगाए जा रहे हैं।