ठंड और कोहरे की चपेट में दिल्ली- NCR, कम विजिबिलिटी के चलते दिल्ली आने-जाने वाली 134 उड़ानें लेट

दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत इस समय शीतलहर और कोहरे की मार झेल रहा है और मौसम का असर हवाई और ट्रेन यातायात पर भी पड़ रहा है।

Updated: Dec 28, 2023, 09:25 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली-NCR समेत पूरा उत्तर भारत ठंड और कोहरे की चपेट में है। घने कोहरे के चलते कई इलाकों में विजिबिलिटी जीरो पहुंच गई है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी। दिल्ली, एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, पंजाब से राजस्थान और मध्य प्रदेश में गुरुवार को घना कोहरा छाया हुआ है। इसके चलते कई फ्लाइट्स और ट्रेनें भी प्रभावित हुईं हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में भी कोहरे और कम विजिबिलिटी के चलते 134 फ्लाइट्स (आने-जाने वाली उड़ानें) लेट हैं। वहीं, कई दर्जन ट्रेनें भी विलंब से चल रही हैं। दिल्ली आने वाली कई वीआईपी ट्रेनें 5 से 10 घंटे लेट हैं। घने कोहरे के चलते फ्लाइट्स और रेल सेवाएं तो बाधित हुईं हीं इसके साथ ही राजधानी में वायु गुणवत्ता भी 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई है।

दिल्ली में आज का औसत एक्यूआई 386 तक पहुंच गया। ये गंभीर श्रेणी में आता है। लगातार प्रदूषण के ग्राफ में एक बार फिर से इजाफा होता देखा जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के एयर बुलेटिन के मुताबिक आज सुबह प्रदूषण का स्तर 386 के आस पास दर्ज किया गया है।

दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आस पास बने रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आस पास रहेगा। घने कोहरे को लेकर आज मौसम विभाग की तरफ से रेड अलर्ट जारी किया गया है। सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि पंजाब, हरियाणा,उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ में भी कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।