बीबीसी ऑफिस पर इनकम टैक्स की रेड आज भी जारी, खंगाले जा रहे मोबाइल और लैपटॉप

बीबीसी के दफ्तरों पर छापे की यह कार्रवाई, 2002 के गुजरात दंगों पर बीबीसी द्वारा दो-भाग वाली डॉक्यूमेंट्री के बाद सामने आई है, जिसने पूरे देश में हंगामा खड़ा कर दिया था।

Updated: Feb 15, 2023, 06:40 AM IST

नई दिल्ली। BBC के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पर आयकर विभाग की टीम का सर्वे दूसरे दिन जारी है। सूत्रों के मुताबिक, IT अधिकारी 2012 से अब तक के अकाउंट्स की डिटेल पता कर रहे हैं। IT अधिकारियों ने फाइनेंस डिपार्टमेंट के स्टाफ के मोबाइल, लैपटॉप-डेस्कटॉप जब्त कर लिए हैं। सर्वे के दौरान IT के अधिकारियों और BBC इंडिया के संपादकों के बीच बहस भी हुई है।

उधर, BBC ने अपने स्टाफ को मेल कर सहयोग करने को कहा है। इसमें कहा गया कि वे हर सवाल का जवाब ईमानदारी से दें। आयकर विभाग के अधिकारियों ने BBC पर इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। कई घंटों से अफसर लैपटॉप, डॉक्यूमेंट्स की छानबीन कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि आईटी अधिकारियों ने ऑफिस के कर्मचारियों के कंप्यूटर में ‘शेल कंपनी’, ‘फंड ट्रांसफर’, ‘विदेशी ट्रांसफर’ सहित सिस्टम पर चार कीवर्ड खोजे हैं।

यह भी पढ़ें: जलमग्न हो जाएंगे मुंबई, न्यूयॉर्क समेत दुनिया के कई बड़े शहर, जलवायु परिवर्तन को लेकर संयुक्त राष्ट्र की चेतावनी

सूत्रों के मुताबिक, BBC मैनेजमेंट ने बुधवार सुबह कर्मचारियों को मेल किया है। इसमें स्टाफ से हर सवाल का ईमानदारी से जवाब देने की हिदायत दी गई है। BBC ने स्टाफ से कहा है कि अगर आयकर विभाग के कर्मचारी आपसे मिलना चाहें तो आपको उनसे मिलना है। BBC ने भारत में काम करने वाले कर्मचारियों की मदद के लिए हेल्पलाइन भी एक्टिवेट की है।

मेल मे कहा गया कि BBC का संस्थागत स्ट्रक्चर, गतिविधियों, संस्थान और भारत में कार्य के बारे में सवाल करना जांच के दायरे में आता है और ऐसे सवाल किए जा सकते हैं। इनका जवाब दिया जाना चाहिए। स्टाफ से ये भी कहा है कि आपकी निजी आय और आयकर के बारे में सवाल सर्वे के दायरे से बाहर हैं और आप इनका जवाब देने से इनकार कर सकते हैं। साथ ही अपने कंप्यूटर सिस्टम से ना ही कोई जानकारी डिलीट करें और ना ही उसे आयकर अधिकारियों से छुपाएं।

इस रेड को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, "हम भारतीय कर अधिकारियों द्वारा दिल्ली में बीबीसी कार्यालयों की तलाशी लिए जाने के बारे में जानते हैं। आपको इस संबंधी जानकारी हासिल करने के लिए भारतीय प्राधिकारियों के पास जाना चाहिए। हम दुनियाभर में स्वतंत्र प्रेस की महत्ता का समर्थन करते हैं। हम दुनियाभर में लोकतंत्रों को मजबूत करने में योगदान देने वाले मानवाधिकारों के तौर पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और धर्म एवं आस्था की स्वतंत्रता की महत्ता पर जोर देते हैं।"