देश में हेल्थ इमर्जेंसी लगी हुई है क्या, दिग्विजय सिंह का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से सवाल

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर कहा था कि कोरोना नियमों को देखते हुए यात्रा स्थगित कर दें, इसपर पलटवार करते हुए दिग्विजय सिंह ने तीन प्रश्न पूछे हैं।

Updated: Dec 21, 2022, 04:30 PM IST

नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा स्थगित करने संबंधी केंद्र सरकार की मांग पर कांग्रेस हमलावर है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यात्रा नहीं रुकेगी। भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह का भी इसपर बयान सामने आया है। सिंह ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि देश में हेल्थ इमरजेंसी लगी हुई है क्या?

दिग्विजय सिंह ने मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा, 'मैं स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया पूछना चाहता हूं कि क्या देश में पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी की घोषणा हुई है? क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी नेताओं पर यह नियम लागू होगा कि वे पब्लिक रैली नहीं करें? क्या कोरोना संकट इतना बढ़ गया है कि नेशनल लॉक डाउन घोषित करने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हमें खुशी होगी यदि स्वास्थ्य मंत्री इन सवालों का जवाब राहुल गांधी को भेजेंगे।'

दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि, 'केंद्र सरकार राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से घबरा गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को बताना चाहिए कि देश में स्वास्थ्य व्यवस्था की क्या तैयारी है, कोरोना को लेकर क्या तैयारी है।' उन्होंने यह भी कहा कि देश में राहुल गांधी ने सबसे पहले कोरोना की जानकारी दी थी। जिसे खुद स्वास्थ्य मंत्री ने माना था।

यह भी पढ़ें: क्या नरेंद्र मोदी मास्क पहनकर गुजरात गए थे, यात्रा रोकने संबंधी सरकार की चिट्ठी पर कांग्रेस हमलावर

बता दें कि केंद्र सरकार ने राहुल गांधी से भारत जोड़ो यात्रा रोकने की मांग की है। इसके लिए कोरोना महामारी बढ़ने का हवाला दिया है। राहुल गांधी को संबोधित पत्र में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने लिखा है कि राष्ट्रहित में भारत जोड़ो यात्रा को स्थगित कर दें। यह पत्र उन्होंने तब लिखा है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के कई नेता देशभर में रैलियां कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कोरोना महामारी सिर्फ कांग्रेस पार्टी की यात्रा से फैल रही है?