जंतर-मंतर पर जुटे छात्रों पर हुआ लाठीचार्ज, दमन पर उतरी सरकार, NEET पेपर लीक पर राज्यसभा में बरसे खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने NEET पेपर लीक का मुद्दा राज्यसभा में उठाया। खड़गे ने सरकार पर छात्रों का भविष्य दांव पर लगाने और जंतर-मंतर पर कार्रवाई का आरोप लगाया।
नई दिल्ली। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में नीट पेपर लीक का मुद्दा उठाया है। इस मुद्दे को सदन में उठाते हुए खड़गने ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पेपर घोटाला हुआ है, यह लाखों छात्रों का मामला है। लाखों बच्चों का जो भविष्य है, उनके भविष्य के बारे में मैं बात कर रहा हूं।
खड़गे ने कहा कि इस मुद्दे पर आज जंतर-मंतर पर हजारों बच्चे जमा हुए हैं, वहां लाठीचार्ज हो गया है। खड़गे ने कहा कि सरकार बच्चों को मारने और दबाने की कोशिश कर रही है, उन्हें कुचलने की कोशिश कर रही है। खड़गे के इस बयान के बाद सत्ता पक्ष के सांसद हंगामा करने लगे, इस बीच सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
जिस समय खड़गे राज्यसभा में बोल रहे थे, उस समय किसी विपक्षी सांसद ने यह भी कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में घोटला हुआ है, इस पर खड़गे ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में तो घोटाला हुआ ही है, जिसके समर्थक उधर बैठे हुए हैं। खड़गे ने सत्ता पक्ष के सांसदों की ओर इशारा किया, खड़गे के ऐसा कहते ही सत्ता पक्ष के सांसद हंगामा करने लगे।
उधर, कॉकरोच जनता पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर संसद के मानसून सत्र के पहले दिन संसद तक मार्च का आह्वान किया है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि इस मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई है। दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि बिना अनुमति किसी भी मार्च को संसद की ओर आगे बढ़ने नहीं दिया जाएगा।
इसके बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक संसद भवन के करीब पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने संसद में घुसने की कोशिश की। इसके बाद संसद की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मेन गेट को बंद कर दिया गया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई।




