लोकसभा सीटें 850 करने के पीछे बीजेपी की बड़ी साजिश, परिसीमन बिल लोकतंत्र को खत्म कर देगा: राहुल गांधी
संसद सत्र से पहले नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन का विरोध किया। राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा सीटें बढ़ाकर 850 करने की योजना लोकतंत्र के खिलाफ साजिश है।
नई दिल्ली। राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर कहा कि लोकसभा सीटें बढ़ाकर 850 करने के पीछे बीजेपी की बड़ी साजिश है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि लोकसभा की सीटों की संख्या 543 ही रखी जाए। महिला आरक्षण आज से ही मौजूदा संख्या पर लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि अब मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार 850 सीटों का नया आइडिया लेकर आए हैं। यह भारतीय लोकतंत्र को खत्म कर देगा। Gen-Z मानते हैं कि देश में वोट चोरी हो रही है। राहुल ने पूछा कि जब महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है, तो लोकसभा की सीटें 850 करने की जरूरत क्यों है। इसके पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने परिसीमन को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया था।
राहुल ने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दो दिन के संसद सत्र के पहले की। लोकसभा में 30 नवंबर से और राज्यसभा में 2 दिसंबर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। उन्होंने कहा कि सवाल उठता है कि डिलिमिटेशन करेगा कौन। बताया गया कि तीन लोगों की कमेटी होगी। एक SC जज होगा, जिसे मोदी-शाह चुनेंगे। एक ज्ञानेश कुमार होंगे। तीसरे को ज्ञानेश कुमार चुनेंगे। ज्ञानेश कुमार को इन्होंने इम्यूनिटी दे रखी है। उनके फैसले को कोई कोर्ट में चुनौती नहीं दे सकता। अंबेडकर के संविधान का खून हो रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि ये लोग विपक्ष के प्रमुख लोगों को टारगेट कर सकते हैं। उनके वोट काट सकते हैं। इससे चुनाव से पहले भाजपा को सीधा फायदा मिलेगा। इनकी पैक एंड क्रैक की स्ट्रैटजी है। 2-3 लोगों को इधर से उधर कर देंगे, चुनाव क्षेत्र का नेचर बदल जाएगा। पूरा आइडिया, जो इन्होंने जम्मू-कश्मीर, असम में किया। इन्हें जेल नहीं जाना, इसलिए ऐसा कर रहे हैं।




