जम्मू-कश्मीर के डोडा में बड़ा हादसा: 200 फीट गहरी खाई में गिरा सेना का वाहन, 10 जवानों की मौत
हादसे के वक्त गाड़ी में 21 जवान सवार थे। गंभीर रूप से घायल 11 जवानों को उधमपुर मिलिट्री हॉस्पिटल के लिए एयरलिफ्ट किया गया है।
डोडा। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बड़ा हादसा हुआ है। यहां भारतीय सेना की एक गाड़ी 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में 10 जवानों की मौत हो गई है। जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया है।
सैन्य अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि हादसे के वक्त गाड़ी में 21 जवान सवार थे। यह हादसा भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप पर हुआ। सभी जवान एक ऊपरी इलाके में स्थित पोस्ट पर जा रहे थे, तभी ड्राइवर ने गाड़ी से कंट्रोल खो दिया।
हादसे में 10 जवानों ने मौके पर दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल 11 जवानों को उधमपुर मिलिट्री हॉस्पिटल के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। हादसे को लेकर जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि इस हादसे से दुखी हूं। इस घड़ी में, पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता और समर्थन में खड़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि घायल सैनिकों को एयरलिफ्ट करके अस्पताल पहुंचाया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों को बेहतरीन इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।




