15 दिनों में 13वीं बार बढ़ी पेट्रोल-डीजल की कीमत, आज 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी 

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 120 रूपए के करीब पहुंची, 22 मार्च के बाद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम में प्रति लीटर  9 रूपए 25 पैसे का हो चुका है इजाफा 

Publish: Apr 05, 2022, 02:41 AM IST

नई दिल्ली। 
देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें एक बार फिर बढ़ गई हैं। मंगलवार को पेट्रोल-डीजल के दाम में प्रति लीटर 80 पसे का इजाफा हुआ है। 22 मार्च से पेट्रोल-डीजल के दाम में लगी आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। 15 दिनों में 13वीं बार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी हैं। पेट्रोल-डीजल के मूल्य में बढ़ोत्तरी का सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ रहा है। पिछले 15 दिनों में देश में पेट्रोल-डीजल प्रति लीटर 9 रूपए 25 पैसे महंगा हो गया है। सोमवार को पेट्रोल-डीजल के दाम में प्रति लीटर 40 पैसे की वृद्धि हुई थी। 

अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में क्रूड आयल की कीमतें कम हो रही है। वर्तमान में अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में क्रूड आयल की कीमत 100 डॉलर के आसपास है। इसके बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल के दाम रोजाना बढ़ रहे हैं। आज हुई बढ़ोत्तरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 104.61 रुपये और डीजल की कीमत 95.87 रुपये प्रति लीटर हो गई है। जबकि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत में प्रति लीटर 84 पैसे और डीजल की कीमत में प्रति लीटर 85 पैसे का इजाफा हुआ है। इस बढ़ोत्तरी के बाद मुंबई में पेट्रोल की कीमत प्रति लीटर 119.67 रूपए और डीजल की कीमत 103.92 रूपए हो गई है। 

तेल कंपनियों की ओर से जारी नई कीमतें 5 अप्रैल को सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं। 22 मार्च से पेट्रोल-डीजल के दाम में रोजाना करीब प्रति लीटर 80 पैसे की बढ़ोत्तरी हो रही है।  सिर्फ सोमवार को कीमतें 40 पैसे प्रति लीटर बढ़ी थीं। स्थानीय करों के आधार पर अलग-अलग राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें अलग-अलग होती हैं।