दक्षिण अफ्रीका से चंडीगढ़ लौटा यात्री भी कोरोना पॉजिटिव, जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया सैंपल

चंडीगढ़ के अलावा दक्षिण अफ्रीका से महाराष्ट्र के ठाणे लौटे शख्स भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वहीं मथुरा में चार विदेशी यात्रियों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है

Publish: Nov 30, 2021, 02:01 AM IST

नई दिल्ली। भारत में कोरोना के नए वेरिएंट Omicron ने हड़कंप मचा दिया है। महाराष्ट्र के बाद अब चंडीगढ़ में भी एक यात्री की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह यात्री भी हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटा है। संक्रमण की चपेट में आने के बाद शख्स को आइसोलेट कर दिया गया है। 

हालांकि अब तक संक्रमित व्यक्ति में कोरोना के नए वेरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है। संक्रमित व्यक्ति का सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए दिल्ली भेजा गया। जिसके बाद ही व्यक्ति में नए केरिएंट की पुष्टि हो पाएगी। उधर एहतियातन तौर पर संक्रमित व्यक्ति के परिवार के एक सदस्य का कोरोना टेस्ट किया गया है, जिसकी रिपोर्ट का अभी इंतजार है। 

इसके अलावा मथुरा में चार विदेशी यात्रियों की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चारों को आइसोलेट किया गया है। संक्रमित होने वाले यात्री ऑस्ट्रिया, स्पेन और स्विट्जरलैंड के हैं। जिस जगह पर ये विदेशी यात्री ठहरे हुए थे, उस जगह को भी कॉन्टेनमेंट जॉन घोषित कर दिया गया है। 

वहीं दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन से महाराष्ट्र के ठाणे पहुंचा शख्स भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। हालांकि डोंबिली जिले के रहने वाले व्यक्ति में भी अभी तक omicron वेरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है। उसके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए मुंबई भेजा गया है। 

मध्य प्रदेश के जबलपुर में भी इस समय अफ्रीकी देश बोत्सवाना की नागरिक मौजूद है। वह हाल ही में जबलपुर के आर्मी सेंटर पर नौ महीने का कोर्स करने पहुंची है। राहत की बात यह है कि महिला की रिपोर्ट निगेटिव आई है। लेकिन एहतियातन उसके सैंपल को भी जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए आईसीएमआर भेजा गया है।