मॉस्को से दिल्ली आई फ्लाइट में बम की खबर से मचा हड़कंप, बम निरोधक दस्ता जांच में जुटी

दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह मॉस्को से आई फ्लाइट में 386 यात्री और 16 क्रू मेंबर्स सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

Updated: Oct 14, 2022, 08:02 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर मॉस्को से दिल्ली आने वाली फ्लाइट में बम होने की जानकारी मिलने पर हड़कंप मच गया। विमान की लैंडिंग से लेकर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एहतियातन सभी एजेंसियां रात को सतर्क हो गईं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को देर रात 11.15 बजे कॉल आई कि मॉस्को से शुक्रवार अल सुबह करीब 3:20 बजे दिल्ली आ रही फ्लाइट नंबर SU 232 में बम है। इसके बाद रेस्क्यू टीम को मौके पर तैनात किया गया। ढाई बजे के आसपास सुरक्षा टीम अलर्ट मोड़ में आ चुकी थी। बम निरोधक दस्ता और दूसरे रेस्क्यू दलों को मौके पर तैनात किया गया था।

यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में 200 लोगों की भीड़ ने मस्जिद पर किया हमला, नमाजियों के साथ की मारपीट

रणनीति के तहत विमान की लैंडिंग रनवे 29 पर करवाई गई। पहले सभी यात्रियों, फिर क्रू मेंबर्स को सुरक्षित नीचे उतारा गया। फ्लाइट में 386 यात्री और 16 क्रू मेंबर्स सवार थे। विमान में बम होने की खबर किसने दी, इस बारे में सुरक्षा एजेंसियों ने अभी कुछ नहीं बताया है। विमान की चेकिंग की जा रही है।

बता दें कि इसी महीने भारतीय सीमा से होकर चीन जा रही ईरान के यात्री विमान में बम की खबर आई थी, जो बाद में अफवाह निकली। दरअसल, विमान में बम की धमकी मिलने के बाद प्लेन के पायलट ने दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी, लेकिन ATC ने दिल्ली की जगह जयपुर या चंडीगढ़ जाने को कहा। इसके बाद विमान की निगरानी में एयरफोर्स के सुखोई फाइटर जेट लगाए गए।

बाद में इस विमान को जयपुर में भी लैंडिग की इजाजत नहीं दी गई। विमान जबरन उतरने की कोशिश न करे इसके लिए ही सुखोई फाइटर जेट्स को उसके पीछे लगाया गया था। इन फाइटर जेट्स ने पंजाब और जोधपुर एयरबेस से उड़ान भरी और पीछा करते हुए उस प्लेन भारतीय सीमा से बाहर छोड़ आए।