कोरोना महामारी खत्म होते ही लागू करेंगे CAA, पश्चिम बंगाल में बोले गृहमंत्री अमित शाह

हमने सोचा था कि ममता बनर्जी तीसरी बार जीती हैं तो शायद सुधर जाएंगी, ममता दीदी को आपने 3 बार चुना, उसके बाद भी आप नहीं सुधर रही हैं: अमित शाह

Updated: May 06, 2022, 04:57 AM IST

Photo Courtesy: HT
Photo Courtesy: HT

सिलीगुड़ी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि जैसे ही कोविड की लहर खत्म होगी नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लागू करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी सीएए के बारे में अफवाहें फैला रही है कि इसे जमीन पर लागू नहीं किया जाएगा। 

अमित शाह ने सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'ममता दीदी घुसपैठ चाहती हैं...सीएए वास्तविकता था, वास्तविकता है और वास्तविकता रहने वाला है। हमने सोचा था कि ममता बनर्जी तीसरी बार जीती हैं तो शायद सुधर जाएंगी, लेकिन कुछ नहीं बदला। ममता दीदी को आपने 3 बार चुना, उसके बाद भी आप नहीं सुधर रही हैं।'

यह भी पढ़ें: भारत में कोरोना से हुई 47 लाख लोगों की मौत, हर तीसरा मृतक भारतीय: विश्व स्वास्थ्य संगठन

अमित शाह ने आगे कहा कि, 'पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने गोरखा लोगों को हमेशा गुमराह किया। केवल भाजपा ने उनके हितों का ध्यान रखा। उन्होंने कहा कि मैं बंगाल के लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या को तीन से बढ़ाकर 77 करने में मदद की। टीएमसी के अत्याचारों के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे।'

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय दौरे के लिए गुरुवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं। अमित शाह का राज्य में 2021 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल दौरा है। अमित शाह गुरुवार सुबह कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेन्दु अधिकारी और केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक और भाजपा के राज्य इकाई के प्रमुख सुकांत मजूमदार ने उनकी अगवानी की।