गुरु वीणा सहस्रबुद्धे का स्मरण ऑनलाइन सजी संगीत सभा

संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार विजेता ग्वालियर घराने की प्रख्यात शास्त्रीय गायिका वीणा सहस्त्रबुद्धे की याद में सजी संगीत की महफिल

Publish: Jun 30, 2020, 06:57 AM IST

ग्वालियर घराने की जानी मानी शास्त्रीय गायिका विदुषी वीणा सहस्रबुद्धे की चौथी पुण्यतिथि पर उनके शिष्यों ने उन्हें ऑनलाइन संगीत सभा के जरिए याद किया। वीणा सहस्रबुद्धे को याद करते हुए विख्यात गायिका शुभा मुद्गल ने कहा कि अपने से छोटे कलाकारों का भी सम्मान करती थीं वीणा ताई।

कला समूह भोपाल की ओर से आयोजित "वीणा-स्मरण" के ऑनलाइन आयोजन में विदुषी वीणा सहस्त्रबुद्धे के देश विदेश में रह रहे शिष्य-शिष्याओं ने अपनी प्रस्तुतियों से गुरु को सांगीतिक श्रद्धांजलि अर्पित की।

कला समूह भोपाल के वेबनार ‘वीणा-स्मरण’ में जानीमानी गायिका शुभा मुदगल, अलका देव मारुलकर, आशा खाडिलकर, पंडित राजन साजन मिश्र, पंडित उमाकांत गुंदेचा, तालयोगी पंडित सुरेश तलवलकर, पंडित किरण देशपांडे, पंडित उदय भवालकर, पण्डित रघुनंदन पणशीकर, पंडित अनीष प्रधान, पंडित विश्वनाथ और विदुषी सीमा शिरोडकर, प्रोफेसर स्वर वंदना शर्मा ने विदुषी वीणा सहस्त्रबुद्धे को याद किया। यह कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित हुआ। कला समूह की अध्यक्ष शास्त्रीय गायिका सुलेखा भट ने बताया कि लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए फेसबुक और यूट्यूब पर एकसाथ की गई। कला प्रेमियों ने कला समूह के फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल कार्यक्रम का आनंद लिया।