छत्तीसगढ़ में फिर बड़ा एनकाउंटर, सुकमा में सुरक्षाबलों ने 16 नक्सलियों को मार गिराया, दो जवान घायल

छत्तीसगढ के सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। DRG और CRPF के करीब 500 जवानों ने 16 नक्सलियों को घेरकर मार गिराया।

Updated: Mar 29, 2025, 02:09 PM IST

सुकमा। छत्तीसगढ़ में लाल आतंक के खिलाफ सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने 16 दुर्दांत नक्सलियों को मार गिराया है। मामला केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली का है। शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में दो जवानों के भी घायल होने की सूचना है।

बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ के सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर शनिवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। DRG और CRPF के करीब 500 जवानों ने 16 नक्सलियों को घेरकर मार गिराया।

यह भी पढ़ें: CG: नक्सलियों ने 3 महीने में 78 साथियों के मारे जाने की बात स्वीकारी, एनकाउंटर के खिलाफ 4 अप्रैल को बीजापुर बंद का आह्वान

DIG कमलोचन कश्यप ने मीडिया को बताया कि 16 नक्सलियों की डेडबॉडी रिकवर कर ली गई है। इंसास, SLR जैसे ऑटोमैटिक वेपंस भी बरामद किए हैं। मारे गए नक्सलियों में बड़े कैडर्स के भी हैं। उनकी पहचान की जा रही है। DIG ने बताया कि मुठभेड़ में DRG के 2 जवान भी जख्मी हुए हैं, जो खतरे से बाहर हैं।

कश्यप ने बताया कि ऑपरेशन लगभग खत्म हो गया है। DRG के जवान करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर शवों को कंधे पर लादकर जंगल से लौट रहे हैं। वहीं CRPF के जवान सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। 

इससे पहले 25 मार्च को सुरक्षाबलों ने 25 लाख रुपए के इनामी नक्सली सुधीर उर्फ सुधाकर समेत 3 नक्सलियों को मार गिराया था। बस्तर रेंज में जवानों ने 2025 में मुठभेड़ में करीब 100 नक्सलियों का एनकाउंटर किया है। इसमें सिर्फ मार्च में ही 10 के भीतर 49 नक्सली मारे गए हैं।