UP में थर्ड फ्रंट की एंट्री: AIMIM का ASP से गठबंधन, चंद्रशेखर होंगे CM फेस
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि दोनों पार्टियों का गठबंधन उत्तर प्रदेश में बीजेपी को तीसरी बार सरकार बनाने से रोकने के लिए मजबूत मोर्चा साबित होगा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की राजनीति में तीसरे मोर्चे की एंट्री हो गई है। आगामी विधानसभा चुनाव में ओवैसी और चंद्रशेखर ने 12 नवंबर को गठबंधन का ऐलान कर दिया। आजाद समाज पार्टी( कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी चुनाव के लिए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया है।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हमने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का फैसला किया है। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह बीजेपी को यूपी में तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत मोर्चा होगा। ओवैसी ने कहा कि दोनों पार्टियां गठबंधन में यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेंगी और आजाद सीएम फेस होंगे।
ओवैसी ने आगे कहा कि 2014 से लेकर 2024 तक जो भाजपा को नहीं हरा पाए उनको वोट देने से कोई फायदा नहीं। वह बीजेपी को नहीं रोक सकते आज जो एलाइंस हुआ है, वह मजबूत होगा इसमें इतनी ईमानदारी है, जो भाजपा को रोकने में कामयाब होगा।
वही, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह गठबंधन अन्य दलों के लिए भी खुला है। अगर ये पार्टियां उत्तर प्रदेश में BJP को दोबारा सत्ता में आने से रोकने के लिए इस गठबंधन का समर्थन करते हुए चुनाव लड़ना चाहें, तो उनका स्वागत है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह समाज के वंचित, शोषित और हाशिए पर रहने वाले वर्गों के लिए एक राजनीतिक मंच है। उन्होंने कहा कि लोग इसे तीसरा मोर्चा कह रहे हैं, लेकिन यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं है। यह 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' है।
भीम आर्मी चीफ ने कहा कि इस गठबंधन का मकसद कमजोर और वंचित समुदायों को एकजुट करना है, ताकि वह अपनी चुनावी ताकत का इस्तेमाल करके राजनीतिक सत्ता हासिल कर सकें और अपनी समस्याओं का समाधान कर सकें।
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने निशाना साधा है। उन्होंने ओवैसी को सरकार का आदमी बताते हुए चंद्रशेखर आजाद को इस गठबंधन के चक्कर में नहीं पड़ने की सलाह दी है।
राकेश टिकैत ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी सरकार के आदमी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी केवल अखिलेश यादव के खिलाफ बोलते हैं। टिकैत ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद को इस चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। उनके इस बयान को ओवैसी और चंद्रशेखर के नए राजनीतिक गठबंधन पर सीधी प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।




