भोपाल में डेंगू के 206 और मलेरिया के 13 मरीज मिले, 4,208 घरों में मिला मच्छरों का लार्वा
भोपाल में डेंगू और मलेरिया का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। साल 2026 में अब तक डेंगू के 206 और मलेरिया के 13 मरीज मिल चुके हैं।
भोपाल में डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ने के बीच स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम ने मच्छरों पर नियंत्रण के लिए अभियान तेज कर दिया है। साल 2026 में अब तक जिले में डेंगू के 206 और मलेरिया के 13 मरीज सामने आ चुके हैं। रोकथाम के लिए सितंबर से अब तक 89,702 घरों का सर्वे किया गया। जिसमें 4,208 घरों में मच्छरों का लार्वा मिला। टीमों ने 6.38 लाख से ज्यादा पानी के कंटेनरों की जांच की और 5,023 में मिले लार्वा को मौके पर ही नष्ट किया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बारिश के बाद जगह जगह जमा पानी मच्छरों के प्रजनन का कारण बनता है। सितंबर और अक्टूबर में डेंगू के मामले बढ़ने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए जिला मलेरिया कार्यालय और नगर निगम की संयुक्त टीमें घरों में पहुंचकर पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच कर रही हैं। अभियान के तहत लार्वा नष्ट करने के साथ फॉगिंग और लार्विसाइड का छिड़काव भी किया जा रहा है। लोगों को घरों और आसपास साफ सफाई रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:MP में एक साल में 6 लाख बढ़े डायबिटीज के मरीज, महिलाओं की तुलना में पुरुषों की संख्या ज्यादा
जिले में मलेरिया की स्थिति पर नजर रखने के लिए जनवरी से अक्टूबर 2026 तक 2,32,821 जांचों का लक्ष्य रखा गया था। इसके मुकाबले अब तक 2,21,480 लोगों की जांच हो चुकी है। यानी विभाग निर्धारित लक्ष्य का करीब 95 प्रतिशत हासिल कर चुका है। इन जांचों में मलेरिया के 13 मरीज मिले हैं। विभाग का कहना है कि पिछले 5 से 6 सालों से भोपाल जिले में मलेरिया के मरीजों की संख्या 20 से कम बनी हुई है।
मच्छरों की संख्या नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्राकृतिक उपाय भी अपना रहा है। इसके तहत जिले के अलग अलग स्थायी और अस्थायी जल स्रोतों में 1 लाख 5 हजार गैम्बोसिया मछलियां छोड़ी गई हैं। ये मछलियां पानी में मौजूद मच्छरों के लार्वा को खाती हैं। जिससे उनके प्रजनन पर रोक लगाने में मदद मिलती है। इसके अलावा नगर निगम को उन लोगों और संस्थानों के खिलाफ स्पॉट फाइन लगाने के निर्देश दिए गए हैं जहां लापरवाही के कारण पानी जमा मिलता है और मच्छरों के पनपने की स्थिति बनती है।
डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। इसकी खास बात यह है कि यह मच्छर आमतौर पर दिन के समय काटता है। साफ पानी में भी इसके पनपने की संभावना रहती है। घरों की छत पर रखी पानी की टंकियां, घड़े, बाल्टियां, कूलर और गमलों में जमा पानी इसके प्रजनन स्थल बन सकते हैं। डेंगू होने पर तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर और जोड़ों में दर्द, भूख कम लगना, उल्टी और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ मरीजों में त्वचा पर लाल चकत्ते भी पड़ते हैं। गंभीर स्थिति में ब्लड प्रेशर गिरने और शरीर में प्लेटलेट्स की संख्या कम होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लिवर और सीने के आसपास तरल पदार्थ जमा होना भी गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है।
यह भी पढ़ें:MP: खरगोन में 25 दिन में दूसरी बार भूकंप, 4.5 तीव्रता से 4 सेकंड तक हिली धरती
डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। इसकी शुरुआती जांच के लिए एनएस 1 टेस्ट किया जाता है। जांच रिपोर्ट और मरीज की स्थिति के आधार पर डॉक्टर बीमारी की पुष्टि और आगे के उपचार का निर्णय लेते हैं। डेंगू के दौरान शरीर में पानी की कमी नहीं होने देना जरूरी है। मरीज को पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थ लेने चाहिए। नारियल पानी और संतुलित खानपान के साथ खिचड़ी और मूंग दाल जैसे हल्के भोजन का सेवन किया जा सकता है।
साथ ही आंवला, संतरा, कीवी और अनार जैसे फल भी आहार में शामिल किए जा सकते हैं। पपीते के पत्तों का रस, गिलोय और अन्य घरेलू नुस्खों से प्लेटलेट्स बढ़ने के दावों के बावजूद इन्हें डेंगू का प्रमाणित इलाज नहीं मानना चाहिए। इनके इस्तेमाल से पहले डॉक्टर की सलाह जरूरी है। डेंगू में प्लेटलेट्स की कमी या गंभीर लक्षण होने पर चिकित्सकीय निगरानी में उपचार कराना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग की अपील है कि लोग पानी की टंकियों और दूसरे जल पात्रों को ढंककर रखें। कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें और गमलों सहित उन सभी जगहों की सफाई करें जहां पानी जमा हो सकता है। बुखार आने पर जांच कराने में देरी न करें। विभाग के मुताबिक, मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए सरकारी अभियान के साथ आम लोगों की सतर्कता भी जरूरी है।
यह भी पढ़ें:अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम फेल, 8 हजार उड़ानें रद्द, 15 लाख यात्री परेशान




