फिलीपींस में ट्रेनिंग के दौरान वायुसेना के दो विमानों की टक्कर, चारों पायलट की मौत

फिलीपींस में शुक्रवार को फर्नांडो एयर बेस पर टेस्ट फ्लाइट के दौरान वायुसेना के दो SF-260 विमान आपस में टकरा गए। इस भीषण हादसे में दोनों विमानों में सवार सभी 4 पायलटों की मौत हो गई।

Updated: Oct 24, 2026, 03:45 PM IST

फिलीपींस में शुक्रवार को टेस्ट फ्लाइट के दौरान वायुसेना के दो SF-260 विमानों के बीच हवा में टक्कर हो गई। हादसे में दोनों विमानों में सवार चारों पायलटों की मौत हो गई। दुर्घटना मनीला के दक्षिण में स्थित लीपा शहर के फर्नांडो एयर बेस पर दोपहर 3:51 बजे हुई थी। घटना के बाद फिलीपीन वायुसेना ने एहतियातन SF-260 विमानों की सभी उड़ानों पर रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध दुर्घटना की जांच पूरी होने तक लागू रहेगा।

एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भर रहे थे। इसी दौरान वे आपस में टकरा गए और दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। टक्कर इतनी गंभीर थी कि एक विमान का मलबा सैन्यकर्मियों के बैरक के पास जा गिरा। हादसे के बाद वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की है।

यह भी पढ़ें:देवास में जहरीली शराब से 20 दिन में 13 लोगों की मौत का दावा, प्रशासन ने किया इनकार

प्रशिक्षण के दौरान हुई यह दुर्घटना इस साल दुनिया में हवा में विमानों की टक्कर की पांचवीं बड़ी घटना बताई जा रही है। फिलीपींस में हुए इस हादसे ने सैन्य विमानों की उड़ान सुरक्षा और प्रशिक्षण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, दोनों विमानों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई इसकी आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

दुर्घटनाग्रस्त SF-260 विमान इटली से खरीदे गए थे। इनका इस्तेमाल प्रशिक्षण के लिए किया जाता है। फिलीपींस की सेना लंबे समय से सीमित बजट के कारण अपने सैन्य संसाधनों को आधुनिक बनाने की चुनौती का सामना कर रही है। इसमें लड़ाकू विमानों के साथ नौसेना और थलसेना के उपकरणों का आधुनिकीकरण भी शामिल है।

यह भी पढ़ें:MP में छात्रसंघ चुनाव नहीं होने पर HC सख्त, सितंबर में चुनाव न कराने पर सरकार से मांगा जवाब

फिलीपींस में SF-260 विमानों से जुड़े हादसे पहले भी सामने आ चुके हैं। मई में उत्तरी फिलीपींस के एक पहाड़ी इलाके में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में दो पायलटों की जान चली गई थी। वहीं, इससे पहले साल 2023 में भी प्रशिक्षण उड़ान के दौरान SF-260 विमान गिर गया था। उस दुर्घटना में भी दो पायलटों की मौत हुई थी।