भाजपा को एक और बड़ा झटका, गुन्नौर के पूर्व विधायक महेंद्र बागरी ने थामा कांग्रेस का दामन

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी दल बीजेपी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एक के बाद एक भाजपा के कद्दावर नेता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।

Updated: Sep 04, 2023, 01:33 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पार्टी से रूठ कर कांग्रेस में जाने वाले नेताओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को भाजपा को एक 
बार फिर तगड़ा झटका लगा है। पन्ना जिले के गुन्नौर से पूर्व विधायक महेंद्र बागरी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। 

गुन्नौर के पूर्व भाजपा विधायक महेंद्र बागरी पन्ना कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवजीत सिंह भैया राजा के साथ भोपाल पहुंचे और कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में कमलनाथ के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। बागरी के पार्टी छोड़ने से भाजपा खेमे में हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि इससे सत्ताधारी दल को पन्ना जिले में बड़ा नुकसान होगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पन्ना की गुनौर सीट से विधायक रहे महेंद्र सिंह बागरी टिकट ना मिलने से नाराज थे। भाजपा ने हारी 39 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है। इसमें गुन्नौर में पूर्व विधायक और 2018 में चुनाव हारे राजेश वर्मा को टिकट दिया है। इससे बागरी नाराज चल रहे थे। इसी बीच उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया।

यह भी पढ़ें: MP: आठ जिलों के नेताओं ने एक साथ थामा कांग्रेस का दामन, भाजपा में मची खलबली

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी दल बीजेपी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एक के बाद एक भाजपा के कद्दावर नेता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। पिछले दो महीनों में बीजेपी को कई बड़े झटके लगे हैं। शनिवार को ही आठ जिलों के नेताओं ने एक साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी।