Bhopal: सात सालों से फरार जमीन ठग गिरफ्तार
Land Fraud in Bhopal: लोगों से फर्जी जमीन के नाम पर करता था ठगी, सात सालों में नाम और कई फोन नंबर भी बदले

भोपाल। भोपाल में लोगों से फर्जी ज़मीन के नाम पर पैसों की उगाही करने वाला एक और ठग गिरफ्तार हुआ है। कोहेफिजा थाने ने मंगलवार रात को रमाकांत विजयवर्गीय नामक शख्स को अपनी गिरफ्त में ले लिया। इस ठग पर 200 लोगों से तकरीबन बीस करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। रमाकांत विजयवर्गीय अपना नाम बदलकर काफी समय से इंदौर में रह रहा था। पुलिस को पिछले सात सालों से इसकी तलाश थी।
रमाकांत विजयवर्गीय पर भोपाल के कोहेफिजा थाने में तकरीबन 22 धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। विजयवर्गीय पर आरोप है कि राजधानी के पंचवटी इलाके में ज़मीन के नाम पर इसने 15 साल पहले लोगों से 20 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है। लोगों को ज़मीन के सुनहरे सपने दिखाने और उनसे पैसे ऐंठ लेने के बाद यह शख्स इंदौर फरार हो गया था। वहां पर यह शख्स राज कुमार व्यास के नाम से रह रहा था। कोहेफिजा पुलिस के मुताबिक बीच में इस शख्स ने अपने कई फोन नंबर भी बदले। हालांकि पुलिस अब तक आरोपी व्यक्ति से पैसे नहीं निकाल पाई है। एडीजे उपेन्द्र जैन ने एक अंग्रेज़ी अख़बार को बताया कि रामकांत उर्फ राजकुमार व्यास पर पुलिस ने 20 हज़ार रुपए का ईनाम रखा था।