भोपाल: मनचलों ने युवती को पीटा, गुस्साए लोगों ने अशोका गार्डन थाने को घेरा, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR

भोपाल के अशोक गार्डन इलाके में दो समुदाय आमने-सामने, फेमस जूस सेंटर के पास लड़कों ने युवती से की मारपीट, स्थानीय लोगों ने युवकों को पीटा, फिर दो समुदायों के बीच बढ़ा विवाद

Updated: Mar 20, 2022, 04:53 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाने के बाहर शनिवार रात जमकर बवाल हुआ। यहां थाने का घेराव करने पहुंचे सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने आगजनी और पत्थरबाजी की। मामला मुस्लिम युवती को पीटे जाने का है, जिसकी वजह से इलाके में तनाव का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक अल्पसंख्यक समुदाय की एक लड़की अपनी सहेली के साथ फेमस जूस सेंटर आई थी। यहां खड़ी उसकी स्कूटी को कार सवार दो लड़कों ने हल्की टक्कर मार दी। लड़की ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी लड़के कार से उतरे और उन्हें सरेआम पीटना शुरू कर दिया। लड़कियों को पिटता देख स्थानीय लोग वहां जूट गए और उन्होंने दोनों लड़कों की पिटाई कर दी।

यह भी पढ़ें: सांची दूध खरीदना अब पड़ेगा महंगा, 4 से 5 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाई कीमत

थोड़ी देर में युवक ने अपने दोस्तों को बुला लिया और देखते ही देखते मामला दो समुदायों के बीच की लड़ाई बन गया। आरोपी लड़के को दोस्तों और स्थानीय मुस्लिम लोगों में भी मारपीट हुई। इस दौरान कुछ लोगों ने चाकू भी चलाए। चाकूबाजी में दो लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद अशोका नगर थाने के बाहर अल्पसंख्यक समुदाय के लोग जुटने लगे। इस दौरान उन्होंने थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

थोड़ी देर में दूसरे समुदाय के लोग भी यहां जुटना शुरू हो गए। ऐसे में प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और वे आगजनी और पत्थरबाजी करने लगे। अशोका गार्डन पुलिस ने किसी तरह बलप्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। पुलिस ने थाने का घेराव करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR भी दर्ज की है। टक्कर मारने वालों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इलाके में तनाव का माहौल देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।