जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों ने की दो SPO की हत्या, ढारना पोस्ट के पास मिले शव
जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों ने दो SPO की गोली मारकर हत्या कर दी। ढारना पोस्ट के पास दोनों के शव मिले।
जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकियों ने दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) की गोली मारकर हत्या कर दी। दच्छन मरवाह के दुर्गम इलाके में गश्त के दौरान लापता हुए दोनों जवानों के शव ढारना पोस्ट के पास बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रशपाल कुमार और 54 वर्षीय बाबी चंद के रूप में हुई है। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। वहीं, उनके पास मौजूद INSAS और .303 राइफलें भी गायब हैं। आशंका है कि हत्या के बाद आतंकी हथियार अपने साथ ले गए।
जानकारी के मुताबिक, दोनों SPO किश्तवाड़ के कियार गांव स्थित पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) में तैनात थे। वे कियार कैंप से ढारना मरवाह स्थित सेना की चौकी के लिए रवाना हुए थे। उन्हें वहां तैनात अपने दो साथियों की जगह ड्यूटी संभालनी थी लेकिन निर्धारित स्थान पर पहुंचने से पहले ही उनका संपर्क टूट गया।
अधिकारियों के अनुसार, रवाना होने के शुरुआती समय में दोनों जवानों के मोबाइल फोन चालू थे और उनसे संपर्क भी हो रहा था। हालांकि, कुछ देर बाद दोनों नंबर बंद हो गए। काफी समय तक जवानों के नहीं पहुंचने और फोन बंद मिलने से उनकी सुरक्षा को लेकर आशंका बढ़ गई।
इसके बाद पुलिस और सेना की राष्ट्रीय राइफल्स ने संयुक्त रूप से पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों तक तलाश जारी रही। इसी दौरान खोजी टीम को ढारना पोस्ट के पास दोनों SPO के शव मिले। अधिकारियों के मुताबिक, एक जवान के सिर में और दूसरे की पीठ में गोली लगी थी। स्थानीय स्तर पर दिन में गोलीबारी की आवाजें सुनाई देने की जानकारी भी सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों जवानों पर उस समय हमला किया गया जब वे अपने साथियों की जगह लेने के लिए ढारना पोस्ट की ओर जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि इलाके में पहले से घात लगाए बैठे आतंकियों ने उन्हें निशाना बनाया। हत्या के बाद दोनों की सर्विस राइफलें भी अपने साथ ले जाने की बात सामने आई है।
घटना के बाद किश्तवाड़ के दूरदराज और पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। यह जिला पहले भी आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों और सुरक्षा बलों के अभियानों के कारण चर्चा में रहा है।
गौरतलब है कि किश्तवाड़ में इससे पहले भी एक SPO की मौत का मामला सामने आया था। 16 अक्टूबर को 55 वर्षीय बशीर अहमद वानीपोरा स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे। वह पेडिल पुलिस चौकी में तैनात थे और ड्यूटी से घर लौटते समय लापता हो गए थे। पुलिस की जांच में सामने आया था कि जमीन विवाद के चलते उनके एक रिश्तेदार ने उनकी हत्या की थी। इस मामले का आतंकवादी गतिविधियों से संबंध नहीं पाया गया था।
किश्तवाड़ के दुर्गम और जंगलों से घिरे इलाकों में आतंकियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन अभियानों में कई सक्रिय आतंकवादी मारे जा चुके हैं और जिले में उनकी मौजूदगी कमजोर हुई है। हालांकि, दो SPO की हत्या और उनके हथियार गायब होने की घटना ने क्षेत्र में आतंकियों की बची हुई सक्रियता को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।




