भोपाल में मेट्रो निर्माण कंपनी पर निगम की कार्रवाई, सड़क पर कीचड़ फैलाने पर लगा 12 हजार का जुर्माना
भोपाल में मेट्रो निर्माण के दौरान भारत टॉकीज ओवरब्रिज और 80 फीट रोड पर मिट्टी और कीचड़ फैलने से जनता परेशान थी। गुरुवार को नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए मोहन कंस्ट्रक्शन कंपनी पर 12,500 रुपए का जुर्माना लगाया।
भोपाल में मेट्रो निर्माण के दौरान सड़कों पर मिट्टी और कीचड़ फैलने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। भारत टॉकीज ओवरब्रिज और 80 फीट रोड पर डंपरों से गिरी मिट्टी के कारण रास्तों पर गंदगी फैल गई थी। इस मामले में नगर निगम ने गुरुवार सुबह कार्रवाई करते हुए मेट्रो निर्माण से जुड़ी मोहन कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड पर 12 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाया है।
नगर निगम के जोन 9 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी बलवीर मलिक अपनी टीम के साथ गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मौके पर पहुंचे। टीम ने मिट्टी ढोने वाले डंपरों को रुकवाकर जांच की और सड़क पर गंदगी फैलाने के मामले में कंपनी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। मलिक के मुताबिक, हमीदिया चौराहे के पास भारत टॉकीज ओवरब्रिज पर गंदगी फैलाने के लिए कंपनी पर जुर्माना लगाया गया है। इस संबंध में सफाई कर्मचारियों और स्थानीय रहवासियों ने शिकायत की थी।
यह भी पढ़ें:अमिताभ बच्चन की सास इंदिरा भादुड़ी की तबियत बिगड़ी तबीयत, भोपाल के पारुल अस्पताल में भर्ती
दरअसल भोपाल में मेट्रो की ब्लू और ऑरेंज लाइन का निर्माण कार्य जारी है। ऑरेंज लाइन सुभाषनगर से करोंद चौराहे तक प्रस्तावित है। जबकि, ब्लू लाइन पर भदभदा से रत्नागिरी तिराहे तक काम चल रहा है। निर्माण सामग्री और मिट्टी की ढुलाई के लिए बड़ी संख्या में डंपरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो इसलिए निर्माण से जुड़े ज्यादातर काम और डंपरों की आवाजाही रात में रखी जाती है। इस दौरान डंपरों से मिट्टी सड़कों पर गिर जाती है। बुधवार रात भी इसी वजह से भारत टॉकीज ओवरब्रिज और 80 फीट रोड पर मिट्टी फैल गई थी। वहीं, बाद में वह मिट्टी कीचड़ में बदल गई थी। जिससे इन रास्तों से गुजरने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें:MP: मदर डेयरी के बाद अमूल ने बढ़ाए दूध के दाम, 2 से 4 रुपए तक महंगे हुए उत्पाद
मेट्रो निर्माण के दौरान सड़कों पर मिट्टी फैलने का यह पहला मामला नहीं है। करीब एक महीने पहले भी डंपरों से सड़क पर मिट्टी गिरने की शिकायत के बाद नगर निगम ने संबंधित कंपनी पर जुर्माना लगाया था। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। दोबारा गंदगी फैलने की शिकायत मिलने पर निगम ने गुरुवार को फिर कार्रवाई की।




