भोपाल: फंदे पर मिला महिला टीचर का शव, पति के फोटो पर लिखा- मैं बेवफा नहीं

भोपाल में महिला टीचर का शव फंदे पर लटका मिला है। पति का कहना है कि उसने फांसी लगा ली, जबकि मायके वाले कह रहे है कि ससुरालवालों ने मार डाला।

Updated: Jul 15, 2022, 05:28 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक सुसाइड का मामला सामने आया है। यहां एक महिला टीचर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। टीचर इंदू साहू का शव उनके ही घर में फंदे पर लटकता मिला। महिला टीचर के परिजनों का आरोप है कि उनकी लड़की को ससुराल वालों ने मार डाला है। जबकि ससुराल वालों का कहना है कि इंदु ने सुसाइड किया है। 

मौत से पहले इंदु ने जिस तरह से सुसाइड नोट लिखा है वो हैरान कर देने वाला है। महिला ने अपनी हथेली में सुसाइड नोट लिखा है। इसके साथ ही अपने पति की फोटो पर महिला ने लिखा कि मैं बेवफा नहीं हूं। टीचर ने अपनी हथेली में लिखा है कि मैं अपनी मर्जी से जान दे रही हूं। मम्मी पापा, भैया सॉरी, मेरा मंगल मेरी जान ले गया। वहीं उसने अपने पति की फोटो पर लिखा कि मैं बेवफा नहीं हूं।

मृतक इंदू साहू गैरतगंज, रायसेन जिले की रहने वाली थी। तीन साल पहले इंदू की शादी भोपाल के सुभाष साहू से हुई थी। सुभाष संगीत टीचर हैं जबकि इंदू सरकारी स्कूल में गेस्ट टीचर थी। ससुराल वालों ने पुलिस को जानकारी दी कि उनकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। इंदु के पिता ने आरोप लगाया कि सुभाष उनकी बेटी के चरित्र पर शंका कर उन्हें ब्लैकमेल करता था। जबकि दामाद के दूसरी महिला से अवैध संबंध हैं। 

इंदु के पिता ने कहा कि लड़की के हाथ में जो लिखा है, यह उसके ससुराल वालों की करतूत है। मेरी बेटी ऐसा नहीं कर सकती। उसके गले में चोट के निशान हैं। उसे मारा गया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।