मुंहतोड़ जवाब नहीं, मुंह तोड़ कर हाथ में देंगे, पठान के मेकर्स को भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर की हिंसक धमकी
भाजपा की बड़बोली सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि भगवा की बेइज्जती करने वालों को मुंहतोड़ जवाब नहीं मुंहतोड़ कर हाथ में रखने की हिम्मत रखते हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी के नेताओं में टीजर/ट्रेलर और विज्ञापन देखकर भावनाएं आहत कराने की होड़ लगी हुई है। इस बार शाहरुख खान की आने वाली फिल्म पठान के "बेशर्म" सॉन्ग ने भाजपा नेताओं की भावनाएं आहत की है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के बाद अब भाजपा की बड़बोली सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने फिल्म के मेकर्स को धमकी दी है। ठाकुर ने कहा कि वह उनका मुंह तोड़कर हाथ में रख देंगी।
पठान को लेकर प्रज्ञा ठाकुर ने अपने हिंसक बयान में कहा कि, 'भगवा रंग सूर्य का रंग है। भगवा रंग बलिदान का रंग है। भगवा रंग सनातनी और संतों का रंग है। भारत में लोकतंत्र है। जब भारत स्वतंत्र हुआ तो जिनकी भी सता रही उन्होंने सब को बोलने की स्वतंत्रता तो दी, लेकिन हिंदुओं को कभी बोलने नहीं दिया यह हमारे देश की विडंबना है।'
भगवा त्याग का.. बलिदान का.. सन्यासियों का और सनातनियों का रंग है।
— Rajat Mishra (@rajatkmishra1) December 15, 2022
जो 'भगवा' का अपमान करेगा उसका मुंह तोड़ कर हाथ में दे देंगे - साध्वी प्रज्ञा@SadhviPragya_MP #PathanMovie @deepikapadukone @iamsrk @RanveerOfficial @VHPDigital #Besharamrangsong pic.twitter.com/GhYK4GlZCT
प्रज्ञा ठाकुर ने आगे कहा कि, 'जब से मोदी जी का शासन आया है, तब से हिंदू अपने आप को जागृत अवस्था में महसूस करता है। लेकिन मैं ठोक कर कहती हूं कि जिस ने भी भगवा रंग का अपमान किया उसे भारतीय जनता पार्टी और जनता ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। अब किसी ने भगवा का अपमान किया तो मुंह तोड़ जवाब ही नहीं देंगे बल्कि मुंह तोड़ कर हाथ में रख देंगे।'
यह भी पढ़ें: कांग्रेस की सरकार बनते ही फिर शुरू होगा राम वन गमन पथ निर्माण कार्य, कमलनाथ का ऐलान
भोपाल सांसद ने भगवा को देश की शान बताते हुए कहा, ‘भगवा हमारे देश की आन-बान और शान है। यह राष्ट्रीय ध्वज में भी मौजूद है। भगवा को अपमानित करने की कोशिश की गई तो कोई भी नहीं बचेगा हम उसको नहीं छोड़ेंगे।' साध्वी ने जनता से इस मूवी के बहिष्कार करने को भी कहा है। उन्होंने कहा कि, ‘मैं अपील करती हूं कि इनके पेट पर लात मारे, इनके धंधों को उजाड़ दो और इनकी कोई फिल्म मत देखो। ऐसे लोग फिल्म बनाकर यहीं पलते हैं और देश का अपमान करते हैं। जैसे ही इनके पेट पर लात पड़ेगी यह देश से भाग जाएंगे।’