MP: अमूल के बाद सांची के दूध 4 रुपए लीटर तक महंगे, 14 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें
अमूल के बाद अब सांची ने भी मध्यप्रदेश में पैक्ड दूध की कीमतें 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दी हैं। भोपाल और इंदौर समेत कई दुग्ध संघों की नई दरें 14 नवंबर से लागू होंगी।
भोपाल। मध्यप्रदेश में सांची दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। सांची ने पैक्ड दूध के दाम 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। नई दरें 14 नवंबर से लागू होंगी। भोपाल के साथ इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और बुंदेलखंड दुग्ध संघ ने भी कीमतों में संशोधन किया है। पैकिंग मटेरियल और परिवहन की लागत बढ़ने को इस फैसले की वजह बताया गया है।
सांची की ओर से 13 नवंबर को कीमतें बढ़ाने का आदेश जारी किया गया। दुग्ध संघों का कहना है कि बढ़ती परिचालन लागत के बीच वित्तीय संतुलन बनाए रखने के लिए पैक्ड दूध की बिक्री दरों में बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी। इससे पहले अमूल भी 12 नवंबर से अपने दूध की कीमतें 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा चुका है।
यह भी पढ़ें:MP: हैकिंग से बचने के लिए ऑफलाइन किए गए 22 सरकारी वेबसाइट, PHP सर्वर हो रहा अपडेट
सांची के अलग-अलग वैरिएंट अब नए दाम पर मिलेंगे। फुल क्रीम दूध (गोल्ड) अब 70 रुपए के बजाय 74 रुपए, स्टैंडर्ड दूध (शक्ति) 63 रुपए से बढ़कर 67 रुपए और टोंड दूध (ताजा) 58 रुपए से बढ़कर 59 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। इसी तरह डबल टोंड दूध (आधा लीटर) की कीमत 27 रुपए से बढ़कर 28 रुपए, स्किम्ड मिल्क 47 रुपए से बढ़कर 49 रुपए, चाह/अमृत दूध 62 रुपए से बढ़कर 65 रुपए, टी स्पेशल 56 रुपए से बढ़कर 58 रुपए और काऊ मिल्क 62 रुपए से बढ़कर 64 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
भोपाल में दूध की कुल खपत में खुले दूध की हिस्सेदारी भी काफी बड़ी है। शहर में रोजाना करीब 6 से 8 लाख लीटर खुला दूध बिकता है। वहीं, पैक्ड दूध के बाजार में सांची सबसे आगे है। इसकी औसतन 3 लाख लीटर प्रतिदिन बिक्री होती है। अमूल की भोपाल में रोजाना खपत करीब 80 हजार लीटर है। इसके अलावा सौरभ और श्रीधी ब्रांड के दूध की संयुक्त बिक्री लगभग 1 लाख लीटर प्रतिदिन है। इनकी सप्लाई शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी होती है। मदर डेयरी का दूध मुख्य रूप से शहरी इलाकों में बेचा जाता है।
सांची से पहले अमूल ने 12 नवंबर को अपनी कीमतों में बदलाव किया था। इसके बाद अमूल गोल्ड के एक लीटर पैकेट की कीमत 70 रुपए से बढ़कर 74 रुपए हो गई थी। वहीं, अमूल फ्रेश का एक लीटर पैकेट अब 57 रुपए के बजाय 59 रुपए में मिल रहा है।
यह भी पढ़ें:माइक्रोसॉफ्ट सर्वर में खराबी, भारत में स्पाइसजेट की 3 फ्लाइट रद्द, 2 उड़ानों में देरी
सांची और अमूल के बाद अब मदर डेयरी की कीमतों पर भी नजर है। कंपनी ने नई दिल्ली में दूध के दाम बढ़ाए हैं लेकिन मध्यप्रदेश में फिलहाल पुरानी कीमतें ही लागू हैं। हालांकि, प्रदेश में भी दाम बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है। मदर डेयरी की मध्यप्रदेश में रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है। इसमें भोपाल की हिस्सेदारी लगभग 25 हजार लीटर प्रतिदिन है। कंपनी का दूध मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी पहुंचता है।
दूध के अलग-अलग वेरिएंट में मुख्य अंतर फैट की मात्रा का होता है। फुल क्रीम दूध में कम से कम 6% फैट होता है इसलिए यह अधिक गाढ़ा होता है। टोंड दूध में फैट करीब 3 प्रतिशत और डबल टोंड दूध में लगभग 1.5 प्रतिशत होता है। वहीं, बल्क टोंड मिल्क मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ पर उपलब्ध होता है। इसे पाउच में बेचने के बजाय बूथ से सीधे ग्राहकों को दिया जाता है।




