सीधी में ऑटो की टक्कर से मासूम के दोनो पैर कटकर अलग हुए, घंटों तक नहीं पहुंची एंबुलेंस

घटना में दो ऑटो आपस में टकरा गए जिससे ऑटो में बैठे एक दो साल के मासूम बच्चे के दोनों पैर शरीर से अलग हो गए। बच्चे की हालत गंभीर है

Updated: Aug 23, 2023, 07:14 PM IST

Image courtesy- DB
Image courtesy- DB

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी में तेज रफ्तार का कहर देखने मिला। यहां एक दर्दनाक हादसे में 2 साल के मासूम बच्चे के पैर कटकर शरीर से अलग हो गए। घटना के बाद परिजन एंबुलेंस का इंतजार करते रहे लेकिन 2 घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। 

हादसा सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना अंतर्गत रामपुर नैकिन से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर हुआ। जहां दो सवारी ऑटो की आपस में जोरदार भिड़त हो गई। ऑटो में एक महिला अपने बच्चे के साथ बैठी हुई थी। इस हादसे में महिला के बच्चे के दोनों पैर कटकर शरीर से अलग हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेस को फोन किया लेकिन लंबे समय तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। महिला आनन-फानन में मासूम बच्चे को लेकर रामपुर नैकिन अस्पताल पहुंची। यहां से बच्चे को संजय गांधी अस्पताल रीवा भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि बच्चे की हालत बहुत गंभीर है।


बच्चे के पिता ने प्रशासन और अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के बाद मौके पर 2 घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। मैं अपने बच्चे के पैर लिए खड़े रहा लेकिन ना ही डॉक्टरों की कोई टीम पहुंची और न ही एंबुलेंस। मेरी पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।


रामपुर नैकिन पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि बच्चे का नाम भरत गुप्ता है उसकी उम्र दो साल है। हादसे दो ऑटो की आपस में भिड़ंत से हुआ जिसमें बच्चे के दोनों पैर अलग हो गए। घटना के बाद ऑटो चालक घटना स्थल से फरार हो गया था। पुलिस एक्सीडेंट करने वाला ऑटो वाहन चालक की तलाश कर रही है।