सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में शामिल हुए अरुण यादव-कमलेश्वर पटेल, रावतपुरा सरकार ने भी दिया आशीर्वाद
कांग्रेस नेता अरुण यादव ने दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को लोकतंत्र की रक्षा, जन अधिकारों की आवाज बुलंद करने और सनातन संस्कृति के स्वाभिमान एवं सम्मान को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प बताया।
ओरछा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 34वें दिन शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा पदयात्रा में शामिल हुए। ओरछा धाम में अरुण यादव राज्यसभा सांसद अशोक सिंह और कमलेश्वर पटेल के साथ पहुंचे और दिग्विजय सिंह के साथ कदमताल की। इस दौरान विधायक फूंदेलाल मार्को, देवेंद्र पटेल और नितेंद्र सिंह राठौर भी यात्रा में शामिल हुए और पदयात्रा के साथ चले।
यात्रा में अनंत श्री विभूषित श्री रविशंकर जी महाराज 'पूज्य रावतपुरा सरकार' का भी आगमन हुआ। उनके पहुंचने पर दिग्विजय सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लिखा, "बिनु हरि कृपा मिलहिं नहिं संता।" पूज्य रावतपुरा सरकार ने दिग्विजय सिंह को भगवान श्री विट्ठल जी का मनोहारी चित्र भेंट किया और कुछ दूर तक पदयात्रा भी की। दिग्विजय सिंह ने संत का सान्निध्य और आशीर्वाद मिलना सभी यात्रियों के लिए परम सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि संतों का आशीर्वाद सत्य, अहिंसा, प्रेम, करुणा और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने के संकल्प को और दृढ़ करता है। इस दौरान राष्ट्रीय संत महामंडलेश्वर कंप्यूटर बाबा भी यात्रा में मौजूद रहे।
कांग्रेस नेता अरुण यादव ने दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को लोकतंत्र की रक्षा, जन अधिकारों की आवाज बुलंद करने और सनातन संस्कृति के स्वाभिमान एवं सम्मान को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर यात्रा में शामिल होने की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि वोट चोरी और चंदा चोरी के विरुद्ध जनजागरण के साथ धार्मिक आस्था की पवित्रता, सामाजिक सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना सभी का सामूहिक दायित्व है। लोकतंत्र की मजबूती, जनहित के अधिकारों और सनातन संस्कृति के सम्मान के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
वहीं, कमलेश्वर पटेल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में सहभागिता की। यह यात्रा अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण हेतु एकत्रित चंदे में कथित अनियमितताओं के खिलाफ और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था एवं सनातन धर्म के स्वाभिमान की रक्षा के लिए है। सनातन धर्म की गरिमा, आस्था और स्वाभिमान की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
शुक्रवार सुबह ओरछा स्थित श्री रामराजा सरकार मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद यात्रा की शुरुआत हुई। पदयात्रा प्रथम द्वार, चंद्रशेखर आजाद स्मारक, ग्राम आजादपुरा, ओरछा रेलवे स्टेशन और ताराग्राम होते हुए ओरछा तिगैला हाईवे पहुंची। यहां दोपहर 1 बजे भोजन और विश्राम के लिए विराम लिया गया। दोपहर विश्राम के बाद यात्रा प्रतापपुरा, शंकरगढ़ तथा दीगारा होते हुए गोरा मछिया पहुंचेगी। यहां से यात्रा उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में प्रवेश करेगी। शाम को उत्तर प्रदेश के बबीना विधानसभा क्षेत्र में टाटा शोरूम एवं वेयरहाउस के पास पदयात्रा का विश्राम और रात्रि भोजन निर्धारित है। इसके बाद यात्रा का रात्रि विश्राम झांसी जिले के बड़ागांव में होगा।
गौरतलब है कि गुरुवार को यात्रा ओरछा पहुंची थी। यहां दिग्विजय सिंह ने रामराजा सरकार मंदिर के खजाने में चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों और जनसंपर्क के बाद रात में लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। ओरछा में मिले जनसमर्थन के बाद शुक्रवार को यात्रा उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही है। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से विजयादशमी के दिन 20 अक्टूबर को शुरू हुई यह यात्रा अयोध्या के श्रीरामलला मंदिर तक जाएगी। यात्रा के माध्यम से धार्मिक स्थलों के चढ़ावे और दान की पारदर्शिता, वोट चोरी और चंदा चोरी जैसे मुद्दों पर जनजागरण किया जा रहा है।




