BJP सरकार के खिलाफ दिखा किसानों का आक्रोश, सैंकड़ों ट्रैक्टर लेकर कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में हुए शामिल

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा के दौरान मुरैना जिले की जौरा विधानसभा में किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाल कर भाजपा के विरोध में जनआक्रोश प्रकट किया।

Updated: Sep 21, 2023, 07:33 PM IST

मुरैना। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अब महज दो महीने बचा है। चुनाव प्रचार में कांग्रेस में पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा सरकार के विरुद्ध एंटी इनकंबेंसी को बूस्ट करने के लिए कांग्रेस पार्टी के सात दिग्गज प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जन आक्रोश यात्राएं निकाल रहे हैं। गुरुवार को कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा के दौरान मुरैना में किसानों का आक्रोश देखने को मिला। यहां बड़ी संख्या में जिले के किसान सैंकड़ों ट्रैक्टर पर सवार होकर जन आक्रोश यात्रा में शामिल हुए।

मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा मुरैना जिले की जौरा होते हुए सुमावली विधानसभा पहुंची। जौरा में भारी संख्या में किसान भी इस यात्रा का हिस्सा बने। किसान सैंकड़ों ट्रैक्टर लेकर यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद ने किसानों और आमलोगों से जिले की सभी सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाने का आह्वान किया।

उधर, जन आक्रोश यात्रा की रूट क्रमांक 2 का नेतृत्व कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण दमोह जिला अंतर्गत हटा विधानसभा क्षेत्र होते हुए पन्ना जिले के पवई पहुंचे। हटा में यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर प्रशासन उन्हें जनसभाओं के लिए परमिशन नहीं दे रही है। उन्होंने सीएम शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवराज सिंह ने जो घपले-घोटाले, भ्रष्टाचार, महिलाओं-आदिवासियों पर अत्याचार किए हैं। उसके लिए आशीर्वाद यात्रा नहीं माफी यात्रा निकालनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'समूचे मीडिया के साथी भ्रष्टाचार की खबरें लगातार उठा रहे हैं, 50 फीसदी कमीशन लिया जा रहा है, यह कांग्रेस नहीं, प्रदेश के ठेकेदार, आमजन बोल रहे हैं। कर्नाटक में 40 फीसदी कमीशनखोर सरकार ने जनता ने उखाड़ फेंका उसी तरह मप्र की जनता 50 फीसदी कमीशनखोर सरकार को उखाड़ फेंकेगी।'

यात्रा के दौरान हटा विधानसभा क्षेत्र के ही गैसाबाद में अरुण यादव के काफिले को खड़ी स्थानीय महिलाओं ने रोका। इस अरुण यादव ने गाड़ी से उतरकर बुजुर्ग महिलाओं से चर्चा की। महिलाओं से बात करते हुए अरुण यादव ने कहा कांग्रेस की सरकार बनते ही हम 1500 नारी सम्मान योजना में देंगें, 1200 रुपये का गैस सिलेंडर 500 रुपये में देंगें, 100 यूनिट बिजली फ्री और 200 यूनिट हॉफ, पेंशन 600 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये देंगे।

वहीं, देर शाम पन्ना जिले के पवई पहुंचे अरुण यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष
वीडी शर्मा को अली बाबा और 40 चोर का सदस्य बताया। यादव ने सिंधिया पर हमला बोलते हुए कहा इनके पुरखों ने भी देश के साथ गद्दारी की थी। जब।हमारे पुरखे अंग्रेजों से लड़ाई लड़ रहे थे तब सिंधिया के पूर्वज अंग्रेजो के साथ थे।

इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के नेतृत्व में जारी जन आक्रोश यात्रा भगवानपुरा होते हुए गुरुवार शाम सेंधवा पहुंची। इस यात्रा में भी जनसैलाब देखने को मिला। यात्रा में भूरिया के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं मध्य प्रदेश के प्रभारी संजय दत्त भी उपस्थित रहे। वहीं, मप्र विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के नेतृत्व में जन आक्रोश यात्रा रीवा जिले से होकर गुजर रही है। जबकि पूर्व मंत्री एवं विधायक जीतू पटवारी के नेतृत्व में जन आक्रोश यात्रा मंदसौर जिले के भानपुरा पहुंची है।