दीपावली की खुशियों को AQI से मत नापिए, इंदौर महापौर को सेहत से ज्यादा बारूदी हवा प्यारी

इंदौर मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने प्रदेश में बढ़ते प्रदूषण पर बयान जारी कर कहा कि दीपावली की खुशियों को AQI से मत नापिए। उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता में नंबर वन बना रहेगा।

Updated: Nov 10, 2026, 05:53 PM IST

इंदौर। दीपावली पर आतिशबाजी के बाद प्रदेश की हवा में प्रदूषण बढ़ने को लेकर उठ रहे सवालों पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अजीबोगरीब दलील दी है। भाजपा नेता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर न सिर्फ पर्यावरण प्रेमियों पर निशाना साधा बल्कि जहरीली हवा का समर्थन भी किया। महापौर ने कहा कि पर्यावरण की चिंता जरूर होनी चाहिए लेकिन दीपावली के उत्सव और खुशियों को AQI के आंकड़ों से नहीं मापना चाहिए। इंदौर ने पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाया और नगर निगम की टीम ने रात में ही सफाई कर शहर को फिर स्वच्छ बना दिया।

पुष्यमित्र भार्गव ने अपने वीडियो में कहा कि दीपावली रोशनी, खुशियों और उत्सव का त्योहार है। इंदौर के लोगों ने भी पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाया लेकिन कुछ तथाकथित पर्यावरण प्रेमियों को इससे परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी के धुएं और वातावरण में नमी के कारण AQI में कुछ समय के लिए बढ़ोतरी हुई थी। हालांकि, नगर निगम ने तत्काल सफाई व्यवस्था संभाली। निगम की टीम, वाटर कैनन और सफाई मित्रों ने रात में ही शहर के अलग अलग हिस्सों में सफाई की जिससे धूल और धुएं का प्रभाव कम करने में मदद मिली। 

यह भी पढ़ें:स्वच्छता सम्मान की दौड़ से बाहर हुआ भोपाल, कांग्रेस ने निगम कार्यालय में झाड़ू लगाकर किया विरोध

महापौर ने कहा कि त्योहार मनाने के दौरान यदि एक दिन के लिए AQI बढ़ भी जाता है तो इससे इंदौर की पहचान पर कोई असर नहीं पड़ने वाला। इंदौर पहले भी नंबर वन था, आज भी है और आगे भी रहेगा। उन्होंने लोगों से सनातन के उत्सव को अलग नजरिए से नहीं देखने की नसीहत दी।

बता दें कि दीपावली के बाद मध्य प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण के आंकड़े चिंताजनक स्थिति दिखा रहे हैं। ताजा मॉनिटरिंग के अनुसार, उज्जैन के रीजनल ऑफिस स्टेशन पर AQI 411 और भोपाल के टीटी नगर में 404 दर्ज किया गया। दोनों शहरों में हवा की गुणवत्ता सीवियर यानी गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। इंदौर के मगुदा नगर में AQI 380 रिकॉर्ड किया गया जो वेरी पुअर श्रेणी में है। इसके अलावा ग्वालियर के डीडी नगर में 369, जबलपुर के मरहटल में 353 और देवास के भोपाल चौराहे पर 337 AQI दर्ज हुआ।

मंडीदीप के न्यू इंडस्ट्रियल एरिया में 325 और सिंगरौली के सूर्य किरण भवन में 306 AQI रहा। वहीं, पीथमपुर के इंडस्ट्रियल एरिया में 261 और कटनी के गोल बाजार में 229 दर्ज किया गया। कुल 10 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से आठ वेरी पुअर और दो पुअर श्रेणी में रहे। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले इस बार दीपावली पर प्रदूषण में करीब 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

यह भी पढ़ें:दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ग्वालियर HC को मिला ईमेल

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पर्यावरणविद् सुभाष सी. पांडे ने लोगों को अपनी दिनचर्या में बदलाव करने की सलाह दी है। उनका कहना है कि जब AQI 400 के पार पहुंच रहा है तब लोगों को प्रदूषण को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिक प्रदूषित इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचना चाहिए। जरूरत पड़ने पर दूसरा रास्ता अपनाना बेहतर होगा। सुबह 8 बजे से पहले पार्कों में टहलने या पैदल घूमने से बचने की सलाह दी गई है। छह साल से छोटे बच्चों और 75 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। पांडे ने आतिशबाजी से कम से कम 100 मीटर की दूरी बनाए रखने और घरों में एयर प्यूरीफायर उपलब्ध होने पर उनका इस्तेमाल करने की भी सलाह दी है।

सुभाष सी. पांडे के मुताबिक, प्रदूषण से बचाव की जिम्मेदारी सिर्फ आम लोगों की नहीं है। प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी गंभीरता दिखानी चाहिए। जिन क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर ज्यादा है वहां रहने वाले लोगों को समय रहते अलर्ट किया जाना चाहिए। प्रमुख रास्तों पर भी प्रदूषण संबंधी जानकारी प्रदर्शित होनी चाहिए ताकि लोग ऐसे इलाकों से बच सकें। उन्होंने चिंता जताई कि सर्दी का मौसम अभी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है और प्रदेश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब हो चुकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका को देखते हुए अभी से सावधानी बरतना जरूरी है।

यह भी पढ़ें:शहडोल में पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे 4 युवक, 3 की मौत, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश