दीपावली के बाद जहरीली हवा का कहर, दिल्ली में AQI 400 के पार

दिवाली के बाद दिल्ली-UP में प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया। पटपड़गंज में AQI 418 दर्ज हुआ। जबकि, यूपी के तीन शहरों में सूचकांक 500 पार रहा।

Updated: Nov 09, 2026, 11:24 AM IST

दिवाली के बाद पटाखों के धुएं ने उत्तर भारत की हवा को जहरीला बना दिया है। सोमवार सुबह दिल्ली NCR में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया था। जबकि, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ में सुबह 7 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 500 से भी ऊपर दर्ज हुआ। प्रदूषण के कारण कई जगहों पर सुबह विजिबिलिटी भी प्रभावित रही।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सबसे खराब स्थिति पटपड़गंज की रही। वहां AQI 418 दर्ज किया गया। वहीं, ITO में वायु गुणवत्ता सूचकांक 406 तक पहुंच गया था। राजीव चौक में 381 और साउथ एक्सटेंशन के आसपास के इलाकों में 360 AQI रिकॉर्ड किया गया। रविवार रात बड़ी संख्या में लोगों ने पटाखे जलाए थे। इसके बाद हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा और सोमवार सुबह इसका असर साफ दिखाई दिया।

 

दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश के शहरों में भी वायु प्रदूषण ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी समेत प्रदेश के 10 शहरों में सोमवार को हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर रही। प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ में सुबह 7 बजे AQI 500 के पार दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के 15 से अधिक शहरों में घना कोहरा छाया रहा।

प्रदूषण के बीच उत्तर भारत में मौसम का मिजाज भी बदलने लगा है। उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ रहा है और कई शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मध्य प्रदेश में भी रातें ठंडी होने लगी हैं। रविवार रात भोपाल और इंदौर समेत प्रदेश के 14 शहरों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड किया गया।

जहां मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में तापमान गिरने से ठंड बढ़ रही है वहीं राजस्थान में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है। रविवार को प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया। बाड़मेर में पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था। पिछले 10 सालों में यह दूसरा मौका है जब नवंबर के इस दौर में बाड़मेर का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया है।