मुरैना में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प, गोलीबारी और पत्थरबाजी में चार लोग घायल

नूराबाद थाना क्षेत्र के चौखूंटी गांव में दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बात फायरिंग और पथराव तक आ गई। इस फायरिंग और पथराव में कई लोग घायल हुए हैं।

Updated: Feb 29, 2024, 05:50 PM IST

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच गुरुवार को झड़प हो गई। मामूली विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया की दोनों पक्षों से ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू हो गई। झड़प में करीब चार से पांच लोगों के घायल होने की सूचना है।

मामला नूराबाद इलाके के चौखुटी गांव का है। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पंचायत भी हो चुकी है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। आज दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान पहले पत्थरबाजी हुई और बाद में फायरिंग की नौबत आ गई।

वकील गुर्जर और महेंद्र गुर्जर के परिवार के बीच फायरिंग से गांव के लोग घबरा गए। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। घायलों में अधिकांश को पत्थर लगी है। एक को गोली लगने की भी सूचना है।

बताया जा रहा है कि फायरिंग लाइसेंसी बंदूकों से की गई है। दोनों पक्ष राजीनामा करना चाहते हैं, लेकिन घटना का वीडियो सामने आने पर पुलिस केस दर्ज करने की बात कह रही है। नूराबाद थाने के उपनिरीक्षक अतुल परिहार ने बताया कि जांच की जा रही है कि गोलियां किसने चलाईं।