मध्य प्रदेश में दीपावली की रात 3 परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, आग लगने से 13 लोगों की मौत

कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में मकानों में लगी भीषण आग में 12 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उज्जैन में आग और धुएं की चपेट में आने से 107 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।

Updated: Nov 09, 2026, 11:03 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में दीपावली की रात तीन परिवारों के लिए मातम लेकर आई। कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में मकानों में लगी भीषण आग में 12 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उज्जैन में आग और धुएं की चपेट में आने से 107 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। तीनों हादसों में कुल 13 लोगों की जान चली गई। मृतकों में पांच महिलाएं, चार पुरुष और चार बच्चे शामिल हैं।

कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तीन मंजिला इमारत में फैल गई। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम और परिवार के तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें 14 साल की आर्या, 6 साल की अन्वी और दो महीने का मासूम भी था।

हादसे के वक्त परिवार के कुछ सदस्य किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन बाकी लोग इमारत में फंस गए। आग बुझाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सुबह तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा। इस दौरान दमकल वाहनों की खराब पाइप ने भी परेशानी बढ़ाई। नगर परिषद बरही का दमकल वाहन करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। इसके बाद विजयराघवगढ़ से पहुंची दूसरी गाड़ी की पाइप में भी खराबी बताई गई। बाद में कैमोर और कटनी से दमकल वाहन बुलाए गए। जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर लोगों को बाहर निकाला गया। स्थानीय युवाओं ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की।

हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू दो महीने के मासूम की मौत रही। वह अपनी मां पूनम की गोद में था। मां और बच्चा दोनों आग की चपेट में आ गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन के सामने नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि दमकल की गाड़ियां समय पर और दुरुस्त हालत में पहुंचतीं तो कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

वहीं, सिवनी जिले के छपारा में भी दीपावली की रात एक सराफा कारोबारी के मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। घटना के समय मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि छह की जान चली गई। आग की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी। सिवनी एसपी कृष्ण लाल चंदानी के मुताबिक, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। मौके पर बिजली के तार बुरी तरह जले हुए मिले हैं। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

उधर, उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में दीपावली की रात दो मंजिला मकान के नीचे बनी दो दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। आग और धुआं ऊपर बने मकान तक पहुंच गया, जहां विश्वकर्मा परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। सभी धुएं के बीच फंस गए। स्थानीय लोगों, व्यापारियों, पुलिस और नगर निगम की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला, लेकिन 107 वर्षीय बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई। परिवार के कमलेश के मुताबिक, सभी ने दीपावली का पूजन किया था और बच्चे पटाखे फोड़ने के लिए नीचे जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मकान में धुआं भर गया।

सिवनी और कटनी में आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, दोनों घटनाओं की विस्तृत जांच की जा रही है। दीपावली के जश्न के बीच हुए इन हादसों ने प्रदेश के तीन परिवारों को कभी न भरने वाला दुख दे दिया।