अमिताभ बच्चन के घर को उड़ाने की धमकी, ईमेल में BSE और बॉम्बे हाईकोर्ट में ब्लास्ट का भी जिक्र
मुंबई में शुक्रवार को अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला।
मुंबई में शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा समेत कई महत्वपूर्ण ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। धमकी में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), वर्ली रेसकोर्स और बॉम्बे हाईकोर्ट को भी निशाना बनाने की बात कही गई। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों ने सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी और तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी जगह से विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
धमकी मिलने के बाद पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और अन्य सुरक्षा टीमों ने अलग अलग स्थानों पर जांच की। अधिकारियों ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ली। फिलहाल साइबर पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए ईमेल के IP एड्रेस और अन्य डिजिटल सुरागों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:अमृतसर से पश्चिम बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी आग, 4 डिब्बे जलकर हुए खाक
अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने की धमकी इससे पहले भी मिल चुकी है। 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भेजे गए एक ईमेल में अमिताभ बच्चन और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को जान से मारने की धमकी दी गई थी। उस संदेश में दावा किया गया था कि 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच कभी भी अमिताभ बच्चन के बंगले पर हमला किया जा सकता है। धमकी देने वाले ने इसे 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का बदला बताया था। ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे गए थे।
23 अक्टूबर के ईमेल में 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी उल्लेख किया गया था। इसमें दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की धमकी देते हुए कहा गया था कि उन्होंने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे इसलिए उन्हें भी मार दिया जाएगा। संदेश में 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में आत्मघाती हमले के जरिए दिलजीत की हत्या करने की बात लिखी गई थी। इस पुराने ईमेल के बाद भी मुंबई पुलिस ने कार्रवाई की थी। पुलिस की डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने BMC मुख्यालय पहुंचकर तलाशी ली थी। मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालयों के साथ अन्य चैंबर्स की भी जांच की गई थी।
यह भी पढ़ें:किसानों पर दोष मत मढ़िए, अमीरों की गाड़ियां भी जिम्मेदार, दिल्ली में प्रदूषण पर बोला सुप्रीम कोर्ट
मुंबई में हाल के दिनों में फिल्मी हस्तियों से जुड़ी सुरक्षा घटनाएं भी सामने आई हैं। 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर जुहू इलाके में उस समय फायरिंग की गई थी। उस दौरान वे फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच तो गए थे लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।




