महादेव बेटिंग ऐप का मालिक रवि उप्पल दुबई से गिरफ्तार, जल्द भारत लाने की तैयारी

भारतीय एजेंसियां UAE के अधिकारियों के संपर्क में हैं। रवि को जल्द ही भारत लाया जा सकता है। माना जा रहा है कि इसके बाद सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है।

Updated: Dec 13, 2023, 01:00 PM IST

दुबई। ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप महादेव के मामले में भारतीय एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। महादेव बेटिंग ऐप केस में इसके सह संस्थापक रवि उप्पल को दुबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। भारतीय एजेंसियां UAE के अधिकारियों के संपर्क में हैं। रवि को जल्द ही भारत लाया जा सकता है। माना जा रहा है कि इसके बाद सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कहने पर इंटरपोल ने रवि उप्पल के खिलाफ पहले ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही भारतीय एजेंसियां दुबई सुरक्षा एजेंसियों के साथ संपर्क बनाए हुए हैं। रवि उप्पल महादेव ऐप मामले के मुख्य आरोपियों में से एक है। उसे जल्द ही डिपोर्ट किया जाएगा। वहीं, महादेव ऐप के दूसरे प्रमोटर और आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी है।

मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED महादेव ऐप जांच कर रही है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ पुलिस और मुंबई पुलिस भी जांच में जुटी है। ED ने अक्टूबर में रायपुर में मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) की एक विशेष अदालत के सामने उप्पल और उसके पार्टनर सौरभ चंद्राकर के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था। ED ने 2 महीने पहले महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप केस में मुंबई, कोलकाता और भोपाल में करीब 39 ठिकानों पर छापेमारी कर 417 करोड़ की संपत्ति जब्त की थी।

केंद्र सरकार ने 1 महीने पहले ही महादेव सट्टेबाजी ऐप समेत 22 अवैध सट्टेबाजी ऐप्स और वेबसाइट को ब्लॉक कर दिया था। महादेव ऐप छत्तीसगढ़ में बड़ा चुनावी मुद्दा था। इसे बीजेपी ने अपने आरोप पत्र और चुनावी घोषणा पत्र में भी शामिल किया था। पार्टी ने सरकार बनने पर कड़ी कार्रवाई का ऐलान किया था।