MP Election 2023: कांग्रेस के पंजे से आपको प्रदेश को बचाना है, छतरपुर में कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी

जब भी कांग्रेस बड़े वादे करे, ये मान लीजिए कि वो मीठा जहर देने की तैयारी कर रही है। देश के कई राज्यों में ऐसा हो चुका है: पीएम मोदी

Updated: Nov 09, 2023, 03:39 PM IST

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को भी मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। यहां लगातार पांचवें दिन पीएम मोदी का एमपी दौरा है। गुरुवार को उन्होंने सतना, छतरपुर और नीमच में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी शिवराज सरकार की उपलब्धियों पर बात करने के बजाए राम मंदिर से लेकर देश दुनिया के तमाम अन्य मुद्दों पर बात करते रहे।

पीएम मोदी ने छतरपुर में कहा कि, 'कांग्रेस जब चांद और सूरज लाने वाले वादे करे तो समझ लेना कुछ तो गड़बड़ है। कांग्रेस के पंजे से आपको खुद को और मध्य प्रदेश को बचाना है। जब भी कांग्रेस बड़े वादे करे, ये मान लीजिए कि वो मीठा जहर देने की तैयारी कर रही है। देश के कई राज्यों में ऐसा हो चुका है। कांग्रेस के लिए देश दिल्ली से शुरू होकर दिल्ली में खत्म हो जाता था। योजनाएं दिल्ली के एक कमरे में घोषित होती थीं। इनके एक नेता विदेशी दोस्तों को भारत की गरीबी दिखाते थे। कांग्रेस वाले रिवर्स गियर के एक्सपर्ट हैं। इनकी हर योजना देश को पीछे ले जाने वाली होती है।'

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: एक योजना का नाम बता दो जो मोदी सरकार गरीबों के लिए लेकर आई: राहुल गांधी

पीएम मोदी ने आगे कहा कि, 'अयोध्या में भगवान राम का मंदिर न बने, इसके लिए कांग्रेस ने भगवान राम को काल्पनिक बता दिया था। इन्होंने बुंदेलखंड को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसाया, इन्हें 100 साल तक तरसाइए। सत्ता के लिए तरसाकर सजा दीजिए।' इससे पहले सतना की चुनावी सभा में PM ने कहा, 'अयोध्या में जिस भक्ति से हम प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बना रहे हैं, उसी भक्ति से गरीबों के घर भी बनाते हैं। जिन्हें PM आवास नहीं मिले हैं, उन्हें मोदी की गारंटी है कि उनका घर भी बनेगा। 3 दिसंबर को सरकार वापसी पर PM आवास का काम तेजी से शुरू होगा। ये मोदी है, जिसने 4 करोड़ घर बनाए, लेकिन खुद के लिए घर नहीं बनाया।'

सतना में पीएम मोदी ने कहा कि, 'MP में कांग्रेस ने आपके सामने 2 ऐसे नेता खड़े किए हैं, जो कई दशकों से मध्य प्रदेश कांग्रेस को चलाते हैं। आजकल दोनों एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। कांग्रेस आई तो मुफ्त राशन मिलना बंद हो जाएगा। मुफ्त में इलाज मिलना बंद हो जाएगा। लाड़ली बहना योजना बंद हो जाएगी। मतदान से पहले ही कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा फूट गया है। उसके पास मध्यप्रदेश के विकास का कोई रोडमैप नहीं है। कांग्रेस के थके-हारे चेहरों में MP के युवाओं को कोई भविष्य नहीं दिखता।'